कूचबिहार : तृणमूल छात्र कांग्रेस के नेता माजिद अंसारी की हत्या के मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है. शुक्रवार को कूचबिहार और असम सीमा के बक्सिरहाट इलाके से माजिद हत्याकांड के आरोपी जनिरुल हक को गिरफ्तार किया गया. उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया. जानकारी मिली है कि वह इलाके में अपने किसी परिचित के घर में छिपा था. इस हत्याकांड में कलीम मियां उर्फ मुन्ना खान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. उसे गत शुक्रवार को अदालत में पेश करके चार दिनों की पुलिस हिरासत में लिया गया था.
शुक्रवार को उसे दोबारा अदालत में पेश किया. सूत्रों ने बताया की जनिरुल का जुड़ाव भी तृणमूल से है. मामले के जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि आरोपी मुन्ना खान ने पुलिस के कई सवालों के जवाब नहीं दिये हैं. उससे और पूछताछ की जरूरत है. लेकिन पुलिस की इस अर्जी को खारिज करते हुए मुन्ना खान को 13 दिनों की न्यायिक हिरासत का निर्देश दिया.
16 अगस्त को उसे फिर अदालत में पेश किया जायेगा. माजिद हत्या के अन्य आरोपी जनिरुल हक कीजमानत के लिए किसी भी अधिवक्ता ने याचिका नहीं दी. पुलिस ने उसकी 10 दिनों की रिमांड मांगी थी. लेकिन अदालत ने सात दिनों की पुलिस हिरासत मंजूर की है. उसे 10 अगस्त को दोबारा अदालत में पेश किया जायेगा.
शुक्रवार सुबह दोनों आरोपियों की पेशी के दौरान कूचबिहार कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अदालत परिसर में इकट्ठा होना शुरू कर दिया. इसके बाद उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू किया. माजिद अंसारी की तस्वीर व प्लेकार्ड लेकर हत्यारों को फांसी की सजा की मांग पर उन्होंने आवाज बुलंद की. तनावपूर्ण परिस्थिति को संभालने के लिए कोतवाली थाना से पुलिस बल बुलाया गया. पुलिस के आश्वासन पर विद्यार्थियों ने आंदोलन समाप्त किया.
