मालदा : भूतनी पुल का काम पूरा होने में अभी छह महीने और लगेंगे. अगले साल मार्च महीने तक काम पूरा होने की संभावना है. गुरुवार को मालदा पहुंचे उत्तर बंगाल विकास मंत्री रविन्द्रनाथ घोष ने मानिकचक ब्लॉक के भूतनी सेतु का निरीक्षण किया. उनके साथ संबंधित विभाग के इंजीनियर भी मौजूद थे.
तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद 102 करोड़ रुपये का आवंटन करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भूतनी सेतु का शिलान्यास किया था. मानिकचक के शंकर टोला घाट से भूतनी द्वीप को जोड़ने वाला फुलहार नदी पर बन रहा यह दो किलोमीटर लंबा पुल चार साल में पूरा होना था. गत फरवरी महीने में मंत्री श्री घोष ने भूतनी सेतु का निरीक्षण किया था. तब उन्होंने इसके अक्टूबर 2018 में पूरा होने की बात कही थी.
भूतनी द्वीप गंगा और फुलहर नदी के बीच स्थित है. करीब एक लाख लोग यहां रहते हैं. पहले यह द्वीप मानिकचक थाने के अधीन था, लेकिन अब यहां अलग थाना बन गया है. इस द्वीप को जिला सदर से जोड़ने के लिए कोई सड़क नहीं है. नौका के जरिये आवागमन करना पड़ता है. 2011 में चुनाव प्रचार के लिए मालदा आयी ममता बनर्जी ने भूतनी पुल का आश्वासन दिया था.
