कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ब्रिगेड परेड मैदान में 19 जनवरी 2019 में सभा करने के एलान के थोड़ी ही देर बाद भाजपा ने भी ब्रिगेड रैली का एलान कर दिया. भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि पार्टी की ओर से 23 जनवरी को ब्रिगेड परेड मैदान में एक रैली होगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे. श्री सिन्हा ने कहा:
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को अगला प्रधानमंत्री बनने का ‘सपना’ देखना बंद कर देना चाहिए क्योंकि उनकी महत्वाकांक्षा कभी पूरी नहीं होगी. राहुल सिन्हा ने कहा: दरअसल ममता बनर्जी को भाजपा मेनिया हो गया है. वह पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़ती ताकत को देखकर घबरा गयी हैं. यही वजह है कि वह अब कांग्रेस माकपा को भूल कर केवल भाजपा पर निशाना साध रही हैं.
पहले वह बंगाल तो संभालें, तब दिल्ली का सपना देखें.
कोलकाता. शहीद दिवस की सभा में कांग्रेस के चार विधायकों के तृणमूल में शामिल होने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी ने कहा कि राज्य में अवैध शिकार, ‘पोचिंग’ चल रही है. चौधरी ने कहा कि जो भी विधायक तृणमूल में जा रहे हैं, उनका प्रतीक चिह्न अब भी कांग्रेस का ही है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आनेवाले नेताओं को यह कभी नहीं कहतीं कि वह कांग्रेस का प्रतीक चिह्न छोड़कर तृणमूल में शामिल हों. यह और कुछ नहीं बस राज्य में अवैध शिकार का सिलसिला चल रहा है.
