कोलकाता : महानगर में अब दिन हो या रात, सुबह हो या शाम. किसी भी समय महिला या पुरुष के साथ होने वाले अपराध पर निगरानी रखने के लिए लालबाजार की तरफ से महिला वाहिनी को तैनात किया गया है. इस वाहिनी का नाम द विनर्स रखा गया है. छह महीने की कड़ी ट्रेनिंग देने के बाद इस वाहिनी को ड्यूटी पर उतारा गया है. कोलकाता के प्रत्येक इलाकों में घुम-घुम कर खासकर महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा पर इस वाहिनी की सख्त निगरानी रहेगी.
लालबाजार में कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार इस वाहिनी को हरी झंडी दिखाकर महानगर के विभिन्न इलाकों में निगरानी रखने के लिए रवाना किया. इस वाहिनी में फिलहाल 22 महिलाओं को तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारी बताते हैं कि महानगर में घुमने के दौरान खासकर गर्ल स्कूल, कॉलेज के अलावा तीर्थ व दार्शनिक स्थलों के आसपास, भीड़भाड़ वाले बाजार में जाकर यह वाहिनी वहां की हरकतों पर नजर रखेगी.
किसी भी तरह की अपराधिक हरकत होने पर तुरंत वह इस पर एक्शन भी लेगी. शुरुआत के कुछ दिनों में इस वाहिनी के काम काज को देखने के बाद इसकी संख्या में बढ़ोत्तरी की जायेगी. किसी भी महिला या युवती आपातकालीन स्थिति में इस वाहिनी से शिकायत कर तुरंत उनसे मदद ले सकती है. यह वाहिनी इसके लिए पूर्ण रुप से सक्षम होगी.
