कोलकाता : असम सरकार ने किंवदंती गायक दिवंगत भूपेन हजारिका का महानगर में घर एक करोड़ रुपये में खरीद लिया है. असम के मुख्यमंत्री सर्वनंद सोनोवाल ने इससे संबंधित निर्देश पर हस्ताक्षर कर असम सरकार के संस्कृति विभाग को निर्देश दिया था कि वह टालीगंज के गोल्फ क्लब रोड स्थित उक्त घर को खरीदेें. असम के संस्कृति मामलों के मंत्री नव कुमार दोले व मुख्यमंत्री के सलाहकार ऋषिकेश गोस्वामी हाल में कोलकाता पहुंचे और औपचारिकाताओं को पूरा किया.
घर के मालिक सुशील कमार डांगी थे जो कि महानगर में विशिष्ट चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं जिन्हें श्री हजारिका ने 90 के दशक में उस वक्त घर बेच दिया था जब वह कोलकाता से मुंबई शिफ्ट हुए थे. 77बी गोल्फ क्लब रोड, टालीगंज में स्थित घर श्री हजारिका का कोलकाता में पहला घर था जब वह महानगर में 1952 में आये थे. कोलकाता में उन्होंने बतौर संगीतकार अपना कैरियर शुरू किया और भारतीय संगीत जगत के विशिष्ट संगीत हस्तियों के साथ यहां चर्चा का दौर चला था.
लता मंगेशकर, हेमंत कुमार, किशोर कुमार और मन्ना दे ये सभी उनके घर में प्राय: आते थे. श्री हजारिका ने 1950 में पहले घर किराये पर लिया था. श्री हजारिका का प्रसिद्ध गीत , ‘ओ गंगा तुम बहती हो क्यों’ यहीं तैयार कयिा गया था. तीन दशकों तक रहने के बाद श्री हजारिका ने यह घर खरीद लिया था. तब वह मुंबई में काम में डूब गये थे और उन्हें दुनिया भर की सैर करनी पड़ती थी. 90 के दशक के आखिर में वह मुंबई में स्थापित हो गये तब श्री हजारिका ने यह घर बेच दिया था.
असम के मुख्यमंत्री बनने के बाद श्री सोनवाल ने यह घर खरीदने का फैसला किया. उन्होंने अधिकारियों व एक मंत्री को बातचीत के लिए कोलकाता भेजा. सूत्रों के मुताबिक एक करोड़ रुपये की एवज में यह घर बेचा गया. हालांकि असम सरकार ने घर की कीमत के संबंध में कुछ भी कहने से इनकार किया है.
