विश्व आदिवासी दिवस पर आसनसोल में निकली विशाल रैली

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आसनसोल में निकाली गयी विशाल रैली. मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने आदिवासी समाज के विकास और उनके अधिकारों के संरक्षण पर जोर दिया.

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को आसनसोल में आदिवासी कोऑर्डिनेशन कमेटी, आसनसोल-दुर्गापुर की ओर से विशाल रैली निकाली गयी. रैली आश्रम मोड़ से शुरू होकर कॉरपोरेशन बोर्ड होते हुए रविंद्र भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ. इसके बाद रविंद्र भवन में एक जनसभा का आयोजन किया गया. जनसभा में राज्य की महिला एवं शिशु कल्याण तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं. उन्होंने आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज को साथ लेकर ही देश और पश्चिम बंगाल का समग्र विकास संभव है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज भारत की गौरवशाली विरासत, अर्थव्यवस्था और भविष्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है. उनके इतिहास का सम्मान, संस्कृति का संरक्षण और अधिकारों को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि आदिवासी युवाओं और युवतियों को बेहतर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सिर ऊंचा करके आगे बढ़ सकें. मंत्री ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए. आदिवासी समाज के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर अपनी बात मजबूती से रखने में सक्षम बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. विश्व आदिवासी दिवस हमें एक बार फिर यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले आदिवासी समाज के लोगों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा की जाएगी. अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि राजनीति और सरकारें बदल सकती हैं, लेकिन आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता नहीं बदलनी चाहिए. उन्होंने आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा में आगे रखते हुए शिक्षा, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक सम्मान के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पश्चिम बर्धमान में विकास और काम की राजनीति को आगे बढ़ाने की जरूरत है. आदिवासी समाज को साथ लेकर ही क्षेत्र के विकास की नई दिशा तय की जा सकती है. कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की संस्कृति, अधिकारों और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुयी. मौके पर आदिवासी कोऑर्डिनेशन कमेटी आसनसोल-दुर्गापुर के पदाधिकारी मोतीलाल सोरेन, आदिवासी यूथ फोरम के हीरालाल सोरेन समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh vishwakarma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >