जामुड़िया में ट्रांसफॉर्मर कॉइल चोरी से हंगामा, एनएच-60 व केंदा फांड़ी पर फूटा जनाक्रोश

उत्तेजित ग्रामीणों ने जामुड़िया थाने की केंदाफांड़ी का घेराव किया और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) – 60 को भी जाम कर दिया.

गुस्साई भीड़ ने एनएच0-60 पर किया प्रदर्शन और केंदा फांड़ी का किया घेराव चिचुड़िया गांव में अंधेरा छाने से आक्रोश, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप

जामुड़िया. जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चिचुड़िया गांव में बिजली के ट्रांसफॉर्मर से कॉइल चोरी होने की घटना के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उत्तेजित ग्रामीणों ने जामुड़िया थाने की केंदाफांड़ी का घेराव किया और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) – 60 को भी जाम कर दिया. ग्रामीणों ने बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी और गांव में सुरक्षा बहाल करने की मांग की.

चोरी की घटना और गांव में अंधेरा

मालूम रहे कि बीते शनिवार की आधी रात को चिचुड़िया गांव के अंतिम छोर पर लगे 500 किलोवाट के बिजली के ट्रांसफॉर्मर से चोरों ने कॉइल चोरी कर ली थी. ट्रांसफार्मर चोरी होने के बाद से पूरे गाँव में अंधेरा छाया हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार, इस घटना को आठ से दस लोगों के समूह ने अंजाम दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि गाँव में पहले भी कई चोरियाँ हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण यह घटना फिर हुई.

सोमवार को चिचुड़िया गाँव के सैकड़ों लोग एकजुट हुए और केंदाफांड़ी(पुलिस चौकी) के गेट के बाहर खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने चौकी के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस गाँवों को सुरक्षा प्रदान नहीं कर पा रही है. चूंकि उस समय चौकी के पुलिस अधीक्षक मौजूद नहीं थे, इसलिए ग्रामीणों ने अपनी बात मनवाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 को दस मिनट के लिए जाम कर दिया. इसके बाद पुलिस अधीक्षक तुरंत चौकी पहुँचे. जब पुलिस ने ग्रामीणों का जाम हटाने की कोशिश की, तो ग्रामीणों की पुलिस से तीखी बहस भी हुई. हालांकि, स्थिति बाद में नियंत्रण में आ गई, लेकिन ग्रामीणों ने लगातार पुलिस के खिलाफ नारे लगाये.

ग्रामीणों में से बिश्वनाथ संगुई, सतीनाथ चक्रवर्ती व अमित चक्रवर्ती ने मांग की कि गांव की सुरक्षा के लिए पुलिस रात में यहां नियमित रूप से गश्त करे. गांव के विभिन्न चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायें और नागरिक स्वयंसेवक(सिविक वॉलंटियर) भी तैनात किये जायें.

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कॉइल चोरी की घटना की जल्द जांच करके दोषियों को नहीं दबोचा गया, तो आनेवाले दिनों में चिचुड़िया गांव के लोग बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >