बर्दवान/पानागढ़.
पूर्व बर्दवान जिले के कालना थाना इलाके के रानीबांध में दिनदहाड़े एक महिला ने एक युवक की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी. घटना को देख लोगों में दहशत फैल गयी. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है. वहीं शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए कालना महकमा अस्पताल भेज दिया गया है. मृत युवक का नाम शमीम मंडल (30) है. पुलिस ने बताया कि मृतक थाना क्षेत्र के कोपुडांगा का रहने वाला था. पुलिस ने बताया कि मृत युवक उक्त हमलावर महिला को बहन मानता था. मंगलवार को भी उक्त महिला ने मृतक के घर पर आकर धमकी दी थी.बुधवार को सरेआम चाकू से गोद कर उसकी नृशंस हत्या कर दी. मृत युवक की मां शरीफा बीबी ने बताया कि आरोपी महिला का नाम नयन है. उसी ने सुबह ग्यारह बजे उनके बेटे को सरेआम बीच बाजार में धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या की है. उसकी फांसी की मांग मृतक की मां ने की है. पुलिस ने बताया कि हत्या के सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
