पूर्व बर्दवान के आनगुना ग्राम में टूटी पुलिया, 10 गांवों का संपर्क टूटा

पूर्व बर्दवान जिले के रायना एक ब्लॉक अंतर्गत आनगुना ग्राम में लगातार बारिश के चलते एक जर्जर पुलिया ढह गयी, जिससे आसपास के गांवों में जलजमाव और तेज बहाव की स्थिति बन गयी है.

बर्दवान/पानागढ़.

पूर्व बर्दवान जिले के रायना एक ब्लॉक अंतर्गत आनगुना ग्राम में लगातार बारिश के चलते एक जर्जर पुलिया ढह गयी, जिससे आसपास के गांवों में जलजमाव और तेज बहाव की स्थिति बन गयी है. पुलिया पर बनी सड़क भी पानी के तेज बहाव में बह गई, जिससे करीब 10 गांवों का संपर्क अन्य क्षेत्रों से टूट गया है.

गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद जब सिंचाई कैनल में पानी का दबाव बढ़ा तो वर्षों पुरानी कमजोर पुलिया टूट गई. इसके बाद पानी तेज गति से फैलने लगा, जिससे क्षेत्र जलमग्न हो गया. इस स्थिति से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है और स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी देखी जा रही है.

पुल निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से इलाके में सिंचाई कैनल पर नया पुल निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन उसकी गति बेहद धीमी है. काम की रफ्तार अगर समय रहते तेज होती, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी. अब स्थिति यह है कि तेज प्रवाह के कारण जगह-जगह कटाव हो रहा है और सड़क पूरी तरह बह चुकी है.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बीडीओ, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. ब्लॉक प्रशासन राहत और नियंत्रण कार्यों में जुट गया है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द स्थायी पुलिया का निर्माण शुरू किया जाये ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR

AMIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >