बीरभूम.
जिले के मोहम्मद बाजार थानांतर्गत मैनेजर पाड़ा के आदिवासी परिवार की एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की हत्या की घटना के 12 घंटों के अंदर आठ सदस्यीय जांच टीम ने मामले की गहन पड़ताल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. यह जानकारी शनिवार को पुलिस अधीक्षक(एसपी) अमनदीप ने दी. बताया कि नृशंस हत्याकांड के बाद आदिवासियों में भारी आक्रोश के मद्देनजर मोहम्मद बाजार के थाना प्रभारी अरूप दत्त को हटा दिया गया है. उनकी जगह नये थाना प्रभारी के रूप में तपाई विश्वास को लाया गया है, जो अब तक नानूर के थाना प्रभारी थे. एसपी ने यह भी बताया कि तिहरे हत्याकांड में जांच अधिकारियों को विवाह से इतर अवैध शारीरिक संबंध का एंगल मिला है. दोनों आरोपियों के नाम नयन वित्तार व सुनील मिद्दा बताये गये हैं. नयन मल्लारपुर और सुनील डोमपाड़ा का रहनेवाला है. शनिवार को तिहरे हत्याकांड को लेकर सिउड़ी जिला अदालत में पेश करने पर दोनों आरोपियों को नौ दिनों की पुलिस हिरासत में हवालात भेज दिया गया. हवालात में दोनों आरोपियों से पूछताछ में पुलिस लग गयी है. एसपी ने आगे बताया कि शादीशुदा लक्खी का विवाह से इतर नयन के साथ अवैध शारीरिक संबंध था. घटना की रात दोनों लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिससे गुस्साये नयन ने कथित तौर पर लक्खी की हत्या कर दी. उस समय नयन का दोस्त घर के बाहर पहरा दे रहा था. हत्या में इस्तेमाल अस्त्र अभी पुलिस बरामद नहीं कर पायी है. पुलिस के समक्ष आरोपी नयन ने हत्या की बात कबूल की है. शनिवार को पुलिस ने सिउड़ी जिला अदालत में पेश कर दोनों आरोपियों की रिमांड में लेने की अर्जी थी. जिला अदालत ने नौ दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की है. हवालात में आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मामले की तह में जाने की कोशिश कर रही है.आदिवासी पाड़ा में पुलिस की गश्त जारी, सोमवार को लेंगे फोरेंसिक नमूने
तिहरे हत्याकांड को लेकर बीरभूम के एसपी अमनदीप ने बताया कि शनिवार को भी आदिवासी पाड़ा में पुलिस गश्त करती रही. मामले पर शुक्रवार को ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पराग घोष, डीएसपी अयन साधु समेत आठ पुलिस अधिकारियों की जांच टीम गठित कर दी गयी थी. इस जांच टीम ने सघन पड़ताल करते हुए घटना के महज 12 घंटों के अंदर दोनों आरोपियों को दबोच लिया. वहीं, घटनास्थल वाले घर को पुलिस ने सील कर दिया है. सोमवार को फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम वहां जाकर पड़ताल के वास्ते जरूरी नमूने जुटायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
