कोल सिंडिकेट मामले में पुलिस अफसर मनोरंजन मंडल के घर इडी की फिर रेड

कोयला सिंडिकेट से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय(इडी) ने बुधवार सुबह पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल के आवास पर छापेमारी की.

दुर्गापुर.

कोयला सिंडिकेट से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय(इडी) ने बुधवार सुबह पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल के आवास पर छापेमारी की. इडी के चार अफसरों की टीम तीन वाहनों के साथ सुबह करीब 7:00 बजे सिटी सेंटर स्थित अंबुजा इलाके में उनके घर पहुंची. उस दौरान केंद्रीय सुरक्षा बल के करीब 10 जवान भी मौजूद रहे. अफसरों ने घर में प्रवेश से पहले गेट पर नोटिस चस्पा किया. उसके बाद घर के अंदर जाकर तलाशी अभियान शुरू किया. छापेमारी के दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने पूरे आवास को चारों ओर से घेर लिया और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी. इडी अफसरों का तलाशी अभियान दोपहर करीब 1:30 बजे तक चला. उसके बाद इडी की टीम प्रिटिंग मशीन और कुछ फाइलें लेकर आवास से बाहर निकल गयी.

पहले भी हो चुकी है लंबी तलाशी

यह दूसरी बार है जब इडी ने मनोरंजन मंडल के घर तलाशी अभियान चलाया है. मालूम रहे कि इससे पहले तीन फरवरी को एजेंसी ने करीब 12 घंटे तक उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया था. उस दौरान कई महत्वपूर्ण डिजिटल दस्तावेज जब्त किये गये थे. इडी की जांच में पश्चिम बर्दवान में कोयला और बालू सिंडिकेट के संचालन तथा करीब 150 करोड़ रुपये के लेनदेन में मनोरंजन मंडल का नाम सामने आने की बात कही जा रही है. जांच में ऐसे भी संकेत मिले हैं कि सिंडिकेट के धन के लेनदेन में उनकी पत्नी के खाते का उपयोग हुआ.

इडी ने 13 मार्च को हाजिर होने का दिया निर्देश

इडी ने मनोरंजन मंडल को पिछले एक महीने में तीन बार कोलकाता के सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में हाजिर होने को कहा है, लेकिन वे स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर हाजिर नहीं हुए. बताया जा रहा है कि अभी तक उन्होंने पूर्व बर्दवान जिले के बुदबुद थाने के ओसी का पदभार नही संभाला है. इडी के रडार पर आने से पहले वे आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) के स्पेशल ब्रांच (एसबी) में पोस्टेड थे. बुधवार को तलाशी शुरू करने से पहले इडी ने घर पर समन का नोटिस भी चिपकाया, जिसमें उन्हें 13 मार्च को दोपहर 12.30 बजे कोलकाता स्थित इडी कार्यालय में पहुंचने का निर्देश दिया गया है. उल्लेखनीय है कि इस मामले में किरण खां व चिन्मय मंडल को इडी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल के अंदर हैं.

कौन हैं पुलिस अफसर मनोरंजन मंडल

सब इंस्पेक्टर(एसआइ) मनोरंजन मंडल पहले से कई किस्म के विवाद में रहे हैं. पुलिस सूत्रों की मानें, तो मनोरंजन मंडल आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट(एडीपीसी) गठन के पहले वर्ष 2008 में दुर्गापुर के बी-जोन, ए जोन पुलिस चौकी में प्रभारी रहे. फिर आसनसोल साउथ, आसनसोल नॉर्थ थाने के प्रभारी भी रहे. फिर वह पांडेश्वर थाने में ढाई वर्ष तक ओसी रहे. उसके बाद उन्हें आसनसोल महकमा के बाराबनी थाने का प्रभारी बनाया गया. कुछ वर्ष पहले बाराबनी थाने में तत्कालीन ओसी मनोरंजन मंडल के नेतृत्व में तृणमूल नेता का जन्मदिन मनाने का फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था. उसके बाद सीएम की सख्ती के फलस्वरूप ओसी मनोरंजन मंडल को सस्पेंड कर दिया गया था.

फिर अंडाल थाने में उनकी पोस्टिंग के बाद शिकायत के उपरांत उन्हें क्लोज कर दिया गया. उसके बाद उन्हें एडीपीसी के एसबी में भेज दिया गया था. बीते फरवरी में ही उनकी पोस्टिंग बुदबुद थाने में की गयी थी. पर पदभार संभालने से पहले ही उन पर इडी का शिकंजा कसने लगा. फिर उन्हें एसबी में भेज दिया गया था. इडी की ओर से तीन बार समन किये जाने के बावजूद मनोरंजन मंडल शारीरिक अस्वस्थता बता कर अधिकारियों के समक्ष नहीं पहुंचे हैं. इस बीच, उनके आवास व अन्य ठिकानों पर इडी की रेड हुई है. पुरुलिया जिले के गढ़पंचकोट में एक रिसॉर्ट के भी मनोरंजन मंडल का होने की बात कही जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >