आसनसोल.
आप यदि अकेले घर में हैं तो रहे सावधान. बदमाशों की टोली आपकी निगरानी कर रही है. आपके अकेले होने का फायदा उठाकर मुसीबत में फंसी होने का बहाना बनाकर कोई महिला यदि आपके घर में घुस गयी तो फिर आपके मुसीबत का अंत खोजना कठिन हो जाएगा. ऐसी ही एक घटना से चिरेका के कर्मचारी (55) बाल-बाल बच गये. उनका बेटा कोलकाता में पढ़ता है और उनकी पत्नी बेटे के साथ रहती है. अकेले उन्हें घर में पाकर बदमाशों ने लड़की भेजकर उन्हें फंसाने का प्रयास किया, लेकिन वह उस लड़की की घर में प्रवेश नहीं करने दिया और पड़ोसियों को आवाज देते ही लड़की भाग खड़ी हुई. चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना में 17 नम्बर शॉप के कर्मचारी रेल नगरी के स्ट्रीट संख्या दो नम्बर में स्थित रेलवे आवास में रहते हैं. उनकी पत्नी और बेटा कोलकाता में रहते हैं. रात सवा सात बजे अचानक उनके दरवाजे पर दस्तक होती है. दरवाजा खोलते ही डरी व घबराई हुई एक सुंदर सी युवती दिखी. उन्हें देखते ही युवती ने कहा कि कुछ बदमाश उनका पीछा कर रहे हैं, कृपया बचा लें. वह युवती यह कहते हुए जैसे ही घर में घुसने गयी, उन्होंने उसे रोक दिया और अपने पड़ोसी को आवाज देने लगे. पड़ोसी को दरवाजा खोलकर निकलते देख युवती वहां से भाग गयी. सामने ही बाइक पर एक युवक खड़ा था वह युवती को लेकर निकल गया. कुछ दूरी पर एक टाटा सूमो गाड़ी खड़ी थी, वह भी निकल गया. रेलवे कर्मचारी ने यह पूरी घटना आरपीएफ अधिकारी को बतायी. युवती का फोटो सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ है. जिसके आधार पर युवती को पहचानने का प्रयास हो रहा है.लड़की के घर में घुसते ही आ जाती है फर्जी पुलिस टीम, फिर शुरू होता है लूट का खेल
अंधेरे में सड़क किनारे खड़े किसी अंजान पुरुष या महिला को गाड़ी में लिफ्ट देना खतरे से खाली नहीं होता है, इसे लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जाता है. यदि कोई सच में मुसीबत में फंसा है तो लिफ्ट देने के बजाय आगे बढ़कर 100 डायल में फोन करके इसकी जानकारी दे दें. कुछ ही देर में पुलिस आकर मदद कर देगी. बदमाशों की टोली लोगों को लूटने के लिए अकेले मर्दों की घर में फंसाने की योजना के तहत कार्य कर रहे हैं. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसी डरी हुई युवती मदद के नाम पर घर में प्रवेश कर जाएगी. उसकी हरकत कुछ अजीब होगी. कुछ देर बाद ही फर्जी पुलिस की टीम उस घर में रेड करेगी. उसके बाद आपको कितना लूटेंगे यह वह तय करेंगे. मान-सम्मान पैसा सबकुछ चला जायेगा. इसतरह मुसीबत में पड़कर कोई महिला, युवती आपके दरवाजे पर आती है तो उसे घर के बाहर ही रखें. पड़ोसी को बुलाएं और तुरंत पुलिस को फोन करें. पुलिस उनकी हर संभव मदद करेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
