बुधवार को शहर के वार्ड 30 के श्रीपल्ली इलाके में पेयजल सप्लाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम पर बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखने का आरोप लगाया. राजा कावासाकी सहित अन्य लोगों ने कहा कि इलाके में पानी सप्लाई शुरू नहीं होने से बस्ती के लोगों की स्थिति खराब हो गयी है. प्रदर्शनकारियों के अनुसार इलाके में एक भी सरकारी ट्यूबवेल नहीं है. नगर निगम प्रशासन को कई बार आवेदन देने के बाद कुछ दिन पहले ट्यूबवेल लगाने का काम शुरू हुआ था, लेकिन पुराने पार्षद समर्थकों की ओर से निर्माण कार्य रुकवा दिया गया. इसके बाद से अब तक कोई काम आगे नहीं बढ़ सका है.प्रदर्शन के दौरान लोगों ने साफ कहा कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ, तो वे लोग आंदोलन तेज करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि पेयजल की व्यवस्था नहीं होने पर इसका असर आनेवाले चुनाव में पड़ेगा. इस संबंध में नगर निगम के वाइस चेयरमैन धर्मेंद्र यादव ने आश्वस्त किया कि समस्या का जल्द समाधान कर लिया जायेगा.