दुर्गापुर से निमाई दास की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा का दूध से शुद्धिकरण किया है. मामला शिल्पांचल के दुर्गापुर का है. इस्पातनगरी के नाम से मशहूर दुर्गापुर में हर्षवर्धन रोड पर एक प्राइमरी स्कूल के कैंपस में पूर्व प्रधानमंत्री मूर्ति स्थापित की गयी थी.
रविवार को किसी ने जंगल में फेंक दी थी प्रतिमा
रविवार को यह प्रतिमा जंगल में देखी गयी. नेशनल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ता जंगल में पड़ी नेहरू की प्रतिमा को वापस लेकर आये. उसे पानी से साफ करके अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी. सोमवार को प्रशासन ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को वापस उसी जगह स्थापित कर दिया, जहां से उसे उठाकर फेंका गया था.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व पीएम को दी श्रद्धांजलि
मूर्ति स्थापित किये जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और पंडित नेहरू को माला पहनाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये. इसी दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक भी पहुंचे. भाजपा नेताओं के जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू की मूर्ति का दूध से ‘शुद्धिकरण’ किया. इसके बाद पूर्व पीएम को माला पहनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. हालांकि, यह पता नहीं चल पाया कि इस मूर्ति को जंगल में किसने फेंका.
