कर्मचारी की निशानदेही पर 22 हजार रुपये व चाबी पुलिस ने किया बरामद

25 वर्षों से काम कर रहा चावल गद्दी का कर्मचारी ही निकला चोर

चावल गद्दी के मालिक सुनील गोयनका सोमवार को लौटेंगे बेंगलुरू से, उसके बाद हो सकती है आगे की पुलिसिया कार्रवाई चावल गद्दी कर्मचारी पर बैंक और दोस्तों का था काफी कर्ज, जिसे चुकाने के लिए उसने लूट की बना दी कहानी आसनसोल/नियामतपुर. कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर इलाके में शनिवार को सुनील गोयनका के चावल गद्दी में लूट की घटना फर्जी निकली. दुकान के कर्मचारी राजेश गुप्ता ने ही इस फर्जी लूट की घटना की खबर फैलायी और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया. पुलिस उपायुक्त (वेस्ट) संदीप कर्रा ने बताया कि कर्मचारी ने ही गल्ले से पैसे की चोरी की और लूट होने की अफवाह उड़ा दी. कर्मचारी राजेश से पुलिस पूछताछ कर रही है. उसकी निशानदेही पर अब तक 22 हजार रुपये और काफी सारी चाबियां बरामद की गयी है. कर्मचारी पर बैंक और दोस्तों का काफी कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने मालिक की अनुपस्थिति में इस कांड को अंजाम दिया. उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस में अबतक इस मामले को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है. चावल गद्दी के मालिक वापस लौटकर शिकायत करते हैं तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. गौरतलब है कि नियामतपुर इलाके में जीटी रोड के किनारे बंधन बैंक के निकट चक्रवर्तीपाड़ा में स्थित सुनील गोयनका की चावल की गद्दी में तीन बदमाशों ने उपस्थित एकमात्र कर्मचारी राजेश गुप्ता को बंधक बनाकर गल्ले में पड़े नकद 60 हजार रुपये लूटकर फरार हो गये. अपराह्न तीन बजे हुई इस घटना की खबर फैलते ही पुलिस की परेशानी बढ़ गयी और स्थानीय व्यवसायियों के डर का माहौल व्याप्त हो गया. चावल गद्दी के मालिक 17 फरवरी को अपने परिवार के साथ बेटे से मिलने बंगलुरू गये हुए हैं. गद्दी का दायित्व अपने 25 साल के सबसे पुराने कर्मचारी सीतारामपुर निवासी राजेश गुप्ता को सौंप गये थे. इससे पहले भी वह कई बार गद्दी का दायित्व राजेश को छोड़कर बाहर गये हुए हैं. पुलिस के अनुसार राजेश अपनी बेटी की शादी के दौरान कुछ दोस्तों से कर्ज लिया था और बैंक का भी कुछ कर्ज था. कर्ज चुकाने के लिए मालिक की अनुपस्थिति में उसके दिमाग में गल्ला लूटने की योजना आयी. उसने पूरी योजना के तहत गल्ले से पैसे निकाला और खुद को दुकान के ऊपर के हॉल के अंदर जाकर बंद कर लिया. दुकान और घर की सारी चाबियां ऊपर से नाली में फेंक दी और तीन बदमाशों द्वारा गल्ला लूटने की पूरी कहानी बना दी. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सभी चाबियां बरामद कर ली और गल्ले से चुराये हुए 22 हजार रुपये बरामद किये. इसमें से कुछ राशि उसने अपने एक दोस्त को दी थी और कुछ खुद के पास रखी थी. गल्ले में 40 से 50 हजार रुपये होने की बात सामने आयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >