रानीगंज.
बीते सात दिनों से लापता एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक का कुएं में शव मिलने से सनसनी फैल गयी. सोमवार को सुबह रानीगंज के वार्ड 34 के रामबागान डॉक्टर कॉलोनी क्षेत्र के कटराबुडी फुटबॉल ग्राउंड के पास कुएं में युवक का शव देखा गया. बाद में मृतक की पहचान धीरेन बोल(37) के रूप में की गयी. वह रानीगंज के कटराबुडी इलाके का निवासी था. वह बीते कुछ समय से किराये के मकान में रह रहा था. मिली जानकारी के मुताबिक धीरेन बीते सात दिनों से लापता था. काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिला, तो परिवार ने रानीगंज थाने की पंजाबी मोड़ चौकी में मिसिंग रिपोर्ट लिखायी थी. सोमवार को सुबह कुछ स्थानीय किशोर जब क्रिकेट खेल रहे थे, तो उन्होंने मैदान के किनारे से तेज दुर्गंध आती महसूस की. पहले तो उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया, पर जब क्रिकेट की गेंद उस ओर चली गयी, तो गेंद लाने के लिए किशोर कुएं की ओर गये और अंदर झांक कर देखा, तो किसी का शव पानी की सतह पर उतराया हुआ था. वहीं से तेज दुर्गंध आ रही थी.फिर इसकी सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी गयी. फिर पुलिस ने दमकल विभाग को खबर दी. बाद में पुलिस व दमकलकर्मी उस कुएं के पास पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से कुएं के अंदर से युवक के शव को किसी तरह बाहर निकाला गया. मृतक के परिवार ने वहां आकर शव की पहचान धीरेन बोल के रूप में की. स्थानीय लोगों ने बताया कि धीरेन मानसिक रूप से विक्षिप्त था और आये दिन सड़क पर भटकता रहता था. कभी-कभी कागजात व पैसे भी सड़कों पर फेंक दिया करता था. स्थानीय लोगों को लगता है कि धीरेन अपने किराये के घर के बगल कुएं में गलती व असावधानी से गिर गया होगा. थाने में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर पुलिस गहन जांच में जुट गयी है. शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के वास्ते आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
