मदरसे में विषाक्त भोजन से सौ से अधिक बच्चे हो गये बीमार

बर्दवान मेडिकल कॉलेज में देर रात भर्ती दो की हालत गंभीर

बर्दवान/पानागढ़. पूर्व बर्दवान जिले के आउसग्राम इलाके के पिचकुड़ी स्थित एक मदरसे में विषाक्त भोजन करने से करीब सौ बच्चे और अन्य लोग बीमार पड़ गये. शनिवार देर रात सभी को पहले आउसग्राम ब्लॉक अस्पताल और बाद में बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अर्क बनर्जी, अस्पताल सुपर और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंच कर स्थिति की निगरानी में जुट गये.

देर रात बिगड़ी तबीयत, दो बच्चे आइसीयू में भर्ती

बताया जाता है कि मदरसे में बने भोजन को खाने के बाद देर रात एक-एक कर बच्चों और अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई. इसके बाद सभी को बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया. भर्ती बच्चों में दो को आइसीयू में रखा गया है, जबकि बाकी का सामान्य इलाज चल रहा है. मदरसे में करीब ढाई सौ बच्चे पढ़ते हैं.

अस्पताल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने संभाली स्थिति

बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की अध्यक्ष डॉक्टर मौसमी बनर्जी और अस्पताल के सुपर डॉक्टर तापस घोष देर रात स्वयं अस्पताल पहुंचे. डॉक्टर मौसमी बनर्जी ने बताया कि आउसग्राम के मदरसे से डायरिया प्रकोप के कारण बड़ी संख्या में बच्चों को भर्ती किया गया है. दो बच्चों की हालत नाजुक है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है. उन्होंने आशंका जताई कि यह स्थिति संभवतः भोजन से उत्पन्न हुई है.

खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गये

एसएसपी अर्क बनर्जी ने कहा कि खाने के नमूनों को संग्रहित कर जांच के लिए भेजा गया है. घटना पर निगरानी रखी जा रही है. इस हादसे के बाद पिचकुड़ी गांव में भय का माहौल है. सूचना मिलते ही बर्दवान दक्षिण के विधायक खोकन दास भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >