शादीशुदा बेटी की हत्या कर शव कुएं में फेंका

घटना श्यामपुर गांव की है, जहां इस वारदात के खुलासे के बाद सनसनी फैल गयी है.

घरेलू विवाद और संपत्ति पर कब्जे को लेकर खौफनाक वारदात

बांकुड़ा. जिले के सदर थाना क्षेत्र के अपने मायके में रह रही शादीशुदा बेटी की ईंटों से पीट-पीट कर हत्या करने के बाद शव को बोरे में भर कर जंगल के कुएं में फेंक दिया गया. घटना का पता चलते ही पुलिस तफ्तीश में लगी और इस क्रम में मृत बेटी के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार को बांकुड़ा जिला न्यायालय में आरोपी को पेश किया गया. घटना श्यामपुर गांव की है, जहां इस वारदात के खुलासे के बाद सनसनी फैल गयी है. 17 दिन से लापता थी युवती, जंगल के कुएं से मिला शव

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, श्यामपुर गांव निवासी भबानी माल की शादी दो साल पहले बिकना गांव में हुई थी. पति से संबंध खराब होने के कारण वह शादी के तीन महीने बाद ही मायके लौट आई थी और वहीं रहने लगी थी. भबानी 14 दिसंबर को अचानक लापता हो गई थी.

करीब 13 दिन बाद उसके पिता ईशान माल ने बांकुड़ा सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी. 31 दिसंबर को ओंदा थाना क्षेत्र के डिगशुली जंगल में लकड़ी बीनने गये लोगों को एक कुएं से दुर्गंध आयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से बोरा निकाला, जिसमें भबानी माल का सड़ा-गला शव मिला.

घरेलू कलह में हत्या की साजिश

जांच में सामने आया कि भबानी अपने माता-पिता के घर के एक हिस्से में रहती थी, जबकि उसके पिता ईशान माल दूसरी पत्नी और चार बच्चों के साथ दूसरे घर में रहते थे. इसी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस का आरोप है कि पिता ने बेटी को घर छोड़ने को कहा, लेकिन उसके इनकार करने पर उसने हत्या की साजिश रची. कथित तौर पर ईंटों से पीटकर बेटी की हत्या की गई और शव को बोरे में भरकर जंगल के कुएं में फेंक दिया गया.

आरोपी पिता की गिरफ्तारी, जांच जारी

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच के बाद ईशान माल को गिरफ्तार किया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की. शुक्रवार को उसे बांकुड़ा जिला अदालत में पेश किया गया. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >