इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर में हादसा, 2 मजदूर घायल, दुर्गापुर मिशन अस्पताल में भर्ती

बर्नपुर के इस्को स्टील प्लांट में स्लैग गिरने से दो मजदूर घायल हो गये. एक की हालत गंभीर है, जिसे दुर्गापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इस्को स्टील प्लांट (आइएसपी) बर्नपुर के बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस (बीओएफ) में रविवार को हादसा हो गया. हादसे में दो मजदूर घायल हो गया. इनमें एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के मिशन अस्पताल रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, बीओएफ मैकेनिकल विभाग में बनर्जी एंटरप्राइजेज के अधीन कार्यरत मजदूर सुमन डे चौधरी और आसिफ इकबाल एल एफ -1 यानी लैडल फर्नेस-1 में ट्रांसफर कार के ट्रैक की मरम्मत का काम कर रहे थे. इसी दौरान एलएफ -1 की छत पर लंबे समय से जमा स्लैग का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया. अचानक स्लैग गिरने से सुमन डे चौधरी उसके मलबे में दब गए. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकाला और तत्काल ऑक्यूपेशनल हेल्थ सर्विस (ओएचएस) ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ईएसआई अस्पताल, आसनसोल ले जाया गया। वहीं, आसिफ इकबाल को भी चोटें आईं, हालांकि उनकी स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य बताई जा रही है. सुमन के शरीर का करीब 54 प्रतिशत हिस्सा झुलसने की जानकारी सामने आई है. उनके दोनों पैर, कमर और दोनों हाथों में जलने की चोटें हैं. सिर के पीछे भी चोट लगी है. गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के मिशन अस्पताल ले जाया गया. जानकारी के मुताबिक, ईएसआई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को अन्य अस्पताल में रेफर करने की कोशिश की गयी. गंभीर बर्न इंजरी को देखते हुए इलाज की तत्काल जरूरत थी. इसके बाद बनर्जी एंटरप्राइजेज की ओर से घायल मजदूर के इलाज का खर्च उठाने और उसे दुर्गापुर मिशन अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गयी. दोपहर करीब 1:15 बजे एंबुलेंस से सुमन को दुर्गापुर रवाना किया गया. बताया जा रहा है कि एलएफ -1 की छत पर जमा स्लैग को हटाने का प्रयास ऑपरेशन विभाग की ओर से पहले भी कई बार किया गया था. इसके बावजूद जमा स्लैग का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे गिर गया. घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था और छत पर जमा स्लैग की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हादसे की सूचना मिलने के बाद आइएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज (डीआइसी) घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने दुर्गापुर मिशन अस्पताल के शीर्ष अधिकारियों से संपर्क कर घायल मजदूर का तत्काल इलाज शुरू करने को कहा. बताया गया है कि घायल के इलाज का खर्च इस्को स्टील प्लांट प्रबंधन वहन करेगा. फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों को लेकर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि एलएफ -1 की छत पर स्लैग जमा होने और उसके अचानक गिरने की परिस्थितियां क्या थीं तथा सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक हुई थी या नहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh vishwakarma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >