निमचा में अग्निमित्रा पाल के खिलाफ लगे ‘गो बैक’ के नारे

सोमवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल को स्थानीय लोगों का तीखा विरोध झेलना पड़ा.

रानीगंज.

सोमवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल को स्थानीय लोगों का तीखा विरोध झेलना पड़ा. बताया गया कि वे निमचा मंडल चार क्षेत्र में पाड़ा-पाड़ा दीदी-भाई कार्यक्रम के तहत आम लोगों से संपर्क करने पहुंची थीं. इस दौरान कई स्थानीय निवासियों ने विधायक के पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाए. लोगों का आरोप था कि इन पांच सालों में उन्होंने निमचा इलाके में बहुत कम दौरे किए और क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया. स्थानीय लोगों का कहना था कि विधायक निधि से भी कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ, जिससे जनता को लाभ मिलता. धीरे-धीरे इलाके में भीड़ बढ़ने लगी और विधायक को घेरकर ‘गो बैक’ के नारे लगाए जाने लगे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इसके जवाब में मौके पर मौजूद भाजपा समर्थकों ने भी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी,विधायक अग्निमित्रा पॉल ने भी बोल ममता हाय हाय के नारे लगाए. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर हालात पर काबू पाया. इसके बाद धीरे-धीरे क्षेत्र में शांति बहाल हुई. घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि वे आम लोगों से बातचीत करने गई थीं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखते ही नारेबाजी शुरू कर दी.

उन्होंने कहा कि इस तरह उन्हें रोका नहीं जा सकता और भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर संघर्ष कर रहे हैं.उनका दावा है कि राज्य में बदलाव अवश्य आयेगा. वहीं, आसनसोल दक्षिण क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवनारायण दास ने कहा कि एक विधायक के साथ इस तरह का व्यवहार जनता की नाराजगी को दर्शाता है. उनके अनुसार, विधायक बनने के पांच साल बाद भी इलाके में कोई विकास कार्य नहीं हुआ. उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में इस क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस का विधायक चुना जाएगा और समग्र विकास होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >