पुरुलिया.
उच्च माध्यमिक परीक्षा के दौरान जिला स्कूल मैदान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी. इसका पता चलते ही कुछ देर के लिए अंदर परीक्षा दे रहे विद्यार्थी सहम गये. गुरुवार को दोपहर शहर के पुरुलिया जिला स्कूल मैदान में अचानक आग लग गयी. इस दिन उच्च माध्यमिक के अर्थशास्त्र विषय की विद्यार्थी परीक्षा दे रहे थे. तभी बाहर मैदान के एक सूखे पेड़ के पास खर-पतवार में आग लग गयी. हालांकि इसमें बड़ी क्षति नहीं हुई.सूचना पाते ही दमकलकर्मी एक इंजन के साथ वहां पहुंचे और एक घंटा के अंदर आग पर काबू पा लिया. बाद में स्कूल के शिक्षक सुजीत गांगुली ने कहा, “अचानक हमलोगों ने देखा कि स्कूल के अंतिम छोर पर वन क्षेत्र से धुआं उठ रहा है. वहां आग लग गयी थी. तुरंत इसकी सूचना स्थानीय थाने की पुलिस और दमकल विभाग को दी गयी. खबर मिलते ही दमकलकर्मी समय पर पहुंच गये और आग बुझाने में जुट गये. एक घंटा में आग बुझा दी गयी. अभी तक स्कूल परिसर के पीछे जंगल में आग लगने का कारण नहीं पता चल पाया है. वहां से धुआं व आग की लपटें देख कर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गयी थी. बाद में आग बुझा देने पर स्थिति नियंत्रित हो गयी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
