दुर्गापुर.
सोमवार को दोपहर शहर के कोकओवन थाना क्षेत्र की निजी कार्बन फैक्टरी में शॉर्ट-सर्किट के चलते लगे करंट से एक ठेका श्रमिक की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य श्रमिक जख्मी हो गये. मृत श्रमिक का नाम साधन बाउरी (49) बताया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक शॉर्टसर्किट से हुए ब्लास्ट से पूरा प्लांट परिसर थर्रा उठा. प्लांट में काम कर रहे श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गयी. खबर पाते ही कोकओवन थाने की पुलिस और दमकलकर्मी एक इंजन के साथ वहां पहुंचे और ट्रांसफॉर्मर में लगी आग को बुझाने में जुट गये. घायल दोनों श्रमिकों को पहले उपचार के लिए नजदीकी विधाननगर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया. मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना फिलिप्स कार्बन ब्लैक लिमिटेड (पीसीबीएल) प्लांट में हुई है, जहां ब्लैक कार्बन का उत्पादन किया जाता है. इसकी मांग देश के विभिन्न राज्यों में है. मृत श्रमिक साधन बाउरी उक्त थाना क्षेत्र के कालीपुर इलाके का निवासी था. अन्य श्रमिकों ने बताया कि रोज की तरह सोमवार को साधन अन्य श्रमिकों के साथ प्लांट में काम कर रहा था. दोपहर के समय अचानक ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट से धमाके जैसी आवाज हुई और करारा करंट लगने से ठेका श्रमिक साधन बाउरी(49) की मौत हो गयी. पास ही दो सहकर्मी श्रमिक भी घायल हो गये. घटना के बाद प्लांट परिसर में श्रमिकों के बीच उत्तेजना फैल गयी. घटना की सूचना पाते ही कोकओवन थाने से पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाने में जुट गयी. इस बीच, साधन के भाई राजू बाउरी ने कहा कि खबर मिलने के बाद वह जब प्लांट में पहुंचा, तो पता चला कि उसके भाई की मौत हो गयी है.इधर, उक्त घटना का पता चलते ही तृणमूल कांग्रेस श्रमिक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष कल्लोल बनर्जी, देवब्रत साईं घटनास्थल पर पहुंचे. देवब्रत साईं ने बताया कि हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गयी है, जबकि दो श्रमिक जख्मी हुए हैं. इलाज के लिए दोनों श्रमिकों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. साधन बाउरी के परिवार को उचित मुआवजा और एक आश्रित को स्थायी नौकरी दिलाने के लिए तृणमूल श्रमिक यूनियन की ओर से फैक्टरी प्रबंधन से बातचीत की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
