शहर के वार्ड 21 स्थित कपूर बागान इलाके के एक घर में पिछले बुधवार को अवैध पटाखों के भंडार में हुए भीषण विस्फोट मामले की जांच तेज कर दी गई है. शनिवार को तीन सदस्यीय फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची. टीम के साथ पुरुलिया सदर थाने के जांच अधिकारी भी मौजूद थे. करीब आधे घंटे तक टीम ने घर से नमूने एकत्र किए और बिखरे सामान की तस्वीरें लीं.पुलिस के अनुसार घर मालिक नीतीश बंद्योपाध्याय के घर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया था. विस्फोट में नीतीश बंद्योपाध्याय और वेल्डिंग मिस्त्री गौतम सहिस गंभीर रूप से झुलस गये हैं. दोनों का इलाज रांची के अस्पताल में चल रहा है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2015 में रघुनाथपुर के वार्ड चार में भी अवैध पटाखा भंडारण के दौरान विस्फोट हुआ था, जिसमें नीतीश को गिरफ्तार किया गया था. जमानत पर रिहा होने के बाद उसने दोबारा वही कारोबार शुरू कर दिया था.
एनआइए जांच की मांग
घटना को लेकर भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले हुई यह घटना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर सकती है. वहीं, पुरुलिया पटाखा संगठन के सदस्यों ने कहा कि संबद्ध व्यक्ति के पास हरित पटाखे बेचने का लाइसेंस था, पर इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कैसे किये गये, इसकी गहन जांच होनी चाहिए. उन्होंने जिले में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.