मौत के मुंह से लौटे 65 यात्री; ड्राइवर की सूझबूझ ने टाला भीषण बस हादसा
रानीगंज.
रानीगंज अंतर्गत बर्न्स क्लब मोड़ के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. दुबराजपुर से जगन्नाथ धाम (पुरी) की ओर जा रही एक टूरिस्ट बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे बस अनियंत्रित हो गयी. घटना के वक्त बस में लगभग 60 से 65 यात्री सवार थे, जिनकी जान पर बन आयी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्रेक फेल होने के बाद बस तेज रफ्तार में भीड़भाड़ वाले इलाके की ओर बढ़ रही थी. ऐसे में बस चालक ने अपना आपा न खोते हुए अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया. चालक ने बस को किसी अन्य वाहन या राहगीर से टकराने के बजाय बर्न्स क्लब मोड़ के पास सड़क किनारे लगे डिवाइडर से टकरा दिया. इस टक्कर के कारण बस रुक गयी और एक भयावह दुर्घटना टल गयी. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आयी और सभी सुरक्षित हैं. स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने ड्राइवर की बहादुरी की जमकर सराहना की, जिसकी सूझबूझ ने कई परिवारों को उजड़ने से बचा लिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और यात्रियों को गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.