रानीगंज के स्कूल में क्लासरूम बना रणक्षेत्र प्रधानाध्यापिका और शिक्षिका में हुई मारपीट

मिड-डे मील कर्मियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया.

शिक्षिका बेहोश, अस्पताल में भर्ती, दोनों पक्षों ने लगाये गंभीर आरोप

रानीगंज. रानीगंज के शोष्टि गोरिया जीएसएफपी. स्कूल में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल की प्रधानाध्यापिका और एक शिक्षिका के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मिड-डे मील कर्मियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया. मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाये हैं.

शिक्षिका का आरोप

पीड़ित शिक्षिका चित्रा बाद्यकर ने आरोप लगाया कि एक शिक्षक के अनुपस्थित रहने के कारण प्रधानाध्यापिका मालती गोराई ने उन पर सभी कक्षाओं का भार डाल दिया. जब उन्होंने कार्यभार साझा करने का अनुरोध किया, तो प्रधानाध्यापिका आपा खो बैठीं. चित्रा के अनुसार, प्रधानाध्यापिका ने उन पर हमला किया, थप्पड़ मारे और गला दबाया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी प्रधानाध्यापिका का व्यवहार छात्रों के प्रति कठोर रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों की बात

मिड-डे मील कर्मी अर्चना दे ने बताया कि रसोई में काम के दौरान चीख-पुकार सुनकर बाहर आयीं तो देखा कि प्रधानाध्यापिका और शिक्षिका के बीच हाथापाई हो रही थी. मारपीट के दौरान शिक्षिका चित्रा बाद्यकर बेहोश हो गयीं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया.

प्रधानाध्यापिका की सफाई

प्रधानाध्यापिका मालती गोराई ने सभी आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाने के लिए कहना उनका कर्तव्य है. उनका आरोप है कि शिक्षिका ने ही उन पर हमला किया. उन्होंने दावा किया कि स्कूल में मिड-डे मील के पैसों की कथित धांधली को रोकने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.

शिक्षा विभाग की बढ़ी चिंता

प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के बीच हुई इस घटना से अभिभावकों में आक्रोश है. उनका कहना है कि यदि शिक्षक आपस में इस तरह उलझेंगे, तो इसका असर बच्चों पर पड़ेगा. अब सभी की नजरें शिक्षा विभाग और स्थानीय पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >