अंडाल में केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने किया रूट मार्च
राज्य विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले केंद्रीय सुरक्षा बल बंगाल के विभिन्न इलाकों में पहुंचने लगे हैं.
By AMIT KUMAR | Updated at :
अंडाल.
राज्य विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले केंद्रीय सुरक्षा बल बंगाल के विभिन्न इलाकों में पहुंचने लगे हैं. इसी क्रम में बुधवार को केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने अंडाल थाना क्षेत्र के उखड़ा व कई अन्य जगहों पर रूट मार्च किया. जवानों का रूट मार्च शंकरपुर मोड़ से लगे पेट्रोल पंप के पास से शुरू हुआ. इसके बाद मधाईगंज रोड, बाजपेयी मोड़, पुराना हाटतला और बाजार सहित कई इलाकों से होकर जवानों ने मार्च किया. इस दौरान सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने राहगीरों, व्यापारियों व स्थानीय लोगों से बातचीत कर इलाके के चुनावी माहौल व हालात की जानकारी ली. अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत सूचना दें.
लोगों में दिखी उत्सुकता
स्थानीय लोगों में रूट मार्च को लेकर उत्सुकता देखी गयी. कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर जवानों को देखते रहे और कुछ लोगों ने आगे बढ़ कर सैनिकों से हाथ भी मिलाया. नाम नहीं बताने की शर्त पर एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि इलाका पहले से शांत है और चुनाव को लेकर कोई खास तनाव नहीं है. सुरक्षा बलों की मौजूदगी से मतदाताओं का भरोसा और मजबूत होगा.