जिले के विभिन्न इलाकों में भाजयुमो की ओर से ‘नौकरी चाहता है बंगाल’ कार्यक्रम चलाया गया. शनिवार को बिष्णुपुर सांगठनिक जिला भाजपा की अगुआई में ओंदा विधानसभा क्षेत्र के ओंदा बाजार में यह कार्यक्रम हुआ, जिसका नेतृत्व युवा नेता कल्याण चटर्जी ने किया. मौके पर ओंदा के भाजपा विधायक अमरनाथ शाखा समेत अन्य युवा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक अमरनाथ शाखा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने के बजाय भत्ता देकर उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रोजगार सृजन की ठोस व्यवस्था नहीं की गई है और मात्र 1,500 रुपये का भत्ता देकर युवाओं के जीवन को बर्बाद किया जा रहा है. भाजयुमो नेताओं ने बताया कि ‘नौकरी चाहता है बंगाल’ कार्यक्रम के तहत राज्यभर से पांच लाख हस्ताक्षर एकत्र कर संबंधित प्राधिकरण को सौंपे जाएंगे. उनका कहना था कि इस अभियान का उद्देश्य राज्य में स्थायी रोजगार की मांग को मजबूती से उठाना और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाना है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.