सैंथिया के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक की ''गांधीगीरी'', खुद साफ किया टीएमसी कार्यालय

राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले बहुमत के बाद जहां एक ओर जश्न का माहौल है, वहीं दूसरी ओर कुछ अराजक तत्वों द्वारा भाजपा के नाम पर हिंसा फैलाने की खबरें भी सामने आ रही हैं.

बीरभूम.

राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले बहुमत के बाद जहां एक ओर जश्न का माहौल है, वहीं दूसरी ओर कुछ अराजक तत्वों द्वारा भाजपा के नाम पर हिंसा फैलाने की खबरें भी सामने आ रही हैं. इसी बीच बीरभूम के सैंथिया से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक कृष्ण कांत साहा ने अपनी ”गांधीगिरी” से लोगों का दिल जीत लिया है. गुरुवार को वे सैंथिया के अंगारगड़िया स्थित तृणमूल कांग्रेस के उस कार्यालय पहुंचे, जहां कुछ उपद्रवियों ने पथराव और तोड़फोड़ की थी.

स्वयं की साफ-सफाई और माफी

हैरान करने वाली बात यह रही कि विधायक ने न केवल घटनास्थल का मुआयना किया, बल्कि खुद झाड़ू और हाथ में ईंटें उठाकर कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की. विधायक साहा ने वहां मौजूद तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं को बुलाया, उनसे इस घटना के लिए क्षमा याचना की और उन्हें सम्मानपूर्वक पार्टी कार्यालय के भीतर प्रवेश करवाया. विधायक के इस व्यवहार को देखकर स्थानीय लोग और वहां मौजूद टीएमसी कर्मी भी चकित रह गये.

”बी टीम” पर लगाया हिंसा का आरोप

विधायक कृष्ण कांत साहा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह हमला असली भाजपा कार्यकर्ताओं ने नहीं किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की ””बी टीम”” भाजपा का झंडा थामकर और केसरिया गुलाल लगाकर पार्टी को बदनाम करने के लिए कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों पर हमले कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा इस तरह की हिंसा की अनुमति नहीं देती है.

शांति का संदेश

विधायक ने खुद को ””सैंथिया का सैनिक”” बताते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अशांति या प्रतिशोध की राजनीति नहीं चाहते. उन्होंने कहा कि किसी के भी घर या पार्टी कार्यालय पर हमला निंदनीय है और वे इसे रोकने के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रयास करेंगे. इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव कम हुआ है और लोग विधायक की इस सकारात्मक पहल की सराहना कर रहे हैं. प्रशासन भी अब उन असामाजिक तत्वों की पहचान करने में जुटा है जो भाजपा के नाम पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >