रानीगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी 29 चोरियों में से 23 का खुलासा

इंस्पेक्टर विकास दत्त के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र में हुई कुल 29 चोरियों में से 23 मामलों का खुलासा कर दिया है.

350 किलोमीटर दूर से आकर वारदात करने वाला अंतरराज्यीय चोर गिरफ्ताररानीगंज. नये साल के पहले सप्ताह में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रानीगंज थाना पुलिस ने अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. इंस्पेक्टर विकास दत्त के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र में हुई कुल 29 चोरियों में से 23 मामलों का खुलासा कर दिया है. इस कार्रवाई में एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया है, जो करीब 350 किलोमीटर दूर से आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था.

सीसीटीवी फुटेज और खास बनियान से हुई पहचान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 23 अक्तूबर 2025 को कालीतला इलाके में समीरन कुंडू के घर हुई चोरी की जांच के दौरान यह बड़ी सफलता मिली. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी की एक विशिष्ट बनियान पहचान का अहम सुराग बनी. पुलिस ने यह फुटेज राज्य के विभिन्न थानों में साझा किया. तकनीकी साक्ष्यों और हुलिए के मिलान के बाद आरोपी की पहचान उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर निवासी आशराफुल मंडल (30) के रूप में की गयी. 20 लाख की बड़ी चोरी का भी खुलासा : गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने 20 मार्च 2024 को जगन्नाथ गार्डन निवासी उमेश दुकनिया के घर के नीचे स्थित दुकान से हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की. यह मामला लंबे समय से पुलिस के लिए ब्लाइंड केस बना हुआ था.

चोरी के गहने खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्त में

आशराफुल की निशानदेही पर पुलिस ने देगंगा निवासी नाजिमुल मंडल को भी गिरफ्तार किया है, जो चोरी के जेवर ठिकाने लगाने का काम करता था. पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में चोरी के गहने और अन्य सामान बरामद किये हैं. पुलिस के अनुसार, आशराफुल मंडल पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में 30 से अधिक चोरियों में शामिल रहा है. पूछताछ में उसने बताया कि चोरी की रकम का बड़ा हिस्सा जुए में गंवा दिया. थाना प्रभारी विकास दत्त ने बताया कि रानीगंज थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष हुई लगभग सभी बड़ी चोरियों का खुलासा हो चुका है, जबकि पंजाबी मोड़ और निमचा इलाके की छोटी चोरियों पर जांच जारी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ganesh mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >