आसनसोल के पोलो मैदान में रविवार को पहली बार सेपक टकरॉ लीग का आयोजन किया गया. थाईलैंड से लोकप्रिय हुए इस पारंपरिक खेल को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला. मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और लीग के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि आसनसोल के खेल जगत के लिए यह गौरव का विषय है कि थाईलैंड का यह रोमांचक खेल अब आसनसोल में आयोजित हो रहा है. उन्होंने कहा कि इस खेल को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों में जिस तरह का उत्साह और जुनून देखने को मिल रहा है, वह बेहद उत्साहजनक है. उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाने का महत्वपूर्ण जरिया भी है. आसनसोल में इस तरह के नए खेलों को बढ़ावा मिलने से यहां के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का नया मंच मिलेगा. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और युवतियों की भागीदारी को लेकर भी चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि आज लड़कियों के सपने केवल नौकरी या पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं. वे खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं. उन्हें अवसर और प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है. आयोजकों ने कहा कि सेपक टकरॉ जैसे नए खेलों को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा देने का उद्देश्य आसनसोल के युवाओं को खेल के नए विकल्प उपलब्ध कराना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है. उद्घाटन समारोह में खेल से जुड़े कई प्रमुख लोग, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे. खिलाड़ियों ने भी लीग को लेकर उत्साह जताया और इसे आसनसोल में खेल संस्कृति के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
आसनसोल में पहली बार सेपक टकरॉ लीग का आगाज, मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया उद्घाटन

खेल प्रतियोगिता का आगाज करने पहुँची मंत्री | Prabhat Khabar Network
Copied link
आसनसोल के पोलो मैदान में पहली बार सेपक टकरॉ लीग का आयोजन हुआ. मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों में दिखा भारी उत्साह.