रानीश्वर : मसानजोर थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव के पास बिजली की तार टूट कर गिरने से उसकी करंट की चपेट में आ जाने से दो गाय व दो बैल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी है.
घटना की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर दुमका-सिउड़ी मुख्य सड़क को चार घंटे तक जाम कर यातायात सेवा पूरी तरह से ठप कर दिया. सड़क जाम की सूचना मिलते ही मसानजोर के थाना प्रभारी नारायण प्रजापति पुलिस बल के साथ पहुंच कर ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया.लेकिन ग्रामीणों ने पहले थाना प्रभारी की बात सुनने से इंकार कर दिया. बाद में थाना प्रभारी श्री प्रजापति विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ वार्ता कर मुआवजा दिलवाने का आश्वासन देने के बाद दिन के करीब 11 बजे सड़क जाम हटा. ग्रामीण सुबह 7 बजे से सड़क जाम किया था. इस हादसे में गांव के हेमन मरांडी, छुतर टुडु, सोमाय मरांडी व तांबड़ मरांडी का मवेशी झुलस कर मर गया. ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत विभाग के लापरवाही के कारण ऐसी दुर्घटना घटती रहती है.
बहुत सारे जगहों पर बिजली की तार नीचे झूल रहा है. ग्रामीणों के द्वारा बार बार कहने के बावजूद तार उपर नहीं किया जा रहा है. चार घंटे तक सड़क जाम से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी थी. सड़क जाम से दुमका से सिउड़ी की ओर जानेवाली यात्री बसें बागनल की ओर से रघुनाथपुर होकर सिउड़ी पहुंची. जबकि सिउड़ी की ओर से दुमका की ओर जानेवाली यात्री बस रघुनाथपुर के रास्ते जीवनपुर होकर दुमका पहुंची. बागनल से रघुनाथपुर के बीच के यात्रियों को परेशानी झेलना पड़ी.
