एक की मौत आसनसोल से चित्तरंजन जा रही थी बस
बस में बड़ी संख्या में लड़कियां थीं सवार
बारिश के दौरान वाइपर ने नहीं किया कार्य
दाहिनी तरफ जाकर पलट गयी बस
घायलों को दाखिल कराया गया जिला अस्पताल व निजी नर्सिंग होम में, कई गंभीर
सीतारामपुर. नियामतपुर फांड़ी के काकड़सोड के निकट जीटी रोड पर गुरुवार को आसनसोल से चित्तरंजन तेज गति से जा रही मिनी बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गयी. इसके बाद बस पूरी तरह पलट गयी. बस पर सवार यात्रियों की चीख पुकार सुन कर स्थानीय निवासी और राहगीरों की भारी भीड़ दुर्घटनास्थल पर एकत्रित हो गयी.
घटनास्थल पर पुलिस बल, ट्राफिक पुलिस, सिविक वोलेंटियर्स व जन प्रतिनिधि पहुंचे तथा राहत कार्य चलाया. डेढ़ दर्जन से अधिक घायल यात्रियों को आसनसोल जिला अस्पताल तथा कुछ यात्रियों को निकटवर्ती निजी अस्पताल ले जाया गया. जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मिहिजाम निवासी माणिक मंडल को मृत घोषित कर दिया.
घायलों में आसनसोल गर्ल्स कॉलेज की चार छात्रएं- मोनिका परवीन, केसरी पाल, दिपालिका देबनाथ, आद्रीता कूनूइ, रोशनी बनर्जी (चित्तरंजन), मुनमुन चंद्र (जेमारी), निर्मल पॉल (आलडीह), गोपाली पॉल (आलडीह), पार्वती तूरी (देंदूवा), मिनू मुखर्जी (चित्तरंजन), उत्तम कुंडू (चित्तरंजन), राजेश बाल्मिकी (चित्तरंजन), सामंती रूइदास (चित्तरंजन) का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर को जब अचानक बारिश शुरू हुई, उसी दौरान मिनी बस आसनसोल से तेज गति से आती दिखी. कांकड़सोड मोड़ के निकट संभवत: चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क पर बांयी तरफ चल रही मिनी बस दाहिने ओर मुड़ गयी. इसके बाद बिजली के खंभे से टकरायी और बस तीन से चार बार पलट गयी. यात्रियों की चीख पुकार शुरू हो गयी. स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दोकर घायलों को बस से निकालना शुरू किया. बस में मीडियाकर्मी विश्वदेव भट्टाचार्या भी सवार थे. उन्हें भी चोटें आयी. उनके एक हाथ में काफी चोट आयी है.
उन्होंने बताया कि बस की गति बहुत तेज थी. कांकड़सोल मोड़ पार करते ही बस की गति चालक के नियंत्रण से बाहर हो गयी. बेकाबू बस बिजली के खंभे से जा टकरायी. बस में सवार जेमारी निवासी निताई दे ने बताया कि बस की गति तेज थी और बस का वाइपर भी काम नहीं कर रहा था. इस घटना में मारे गये व्यक्ति को कुछ लोग बस का चालक बता रहे है तो कुछ लोग यात्री बता रहे है. घायलों को मदद करने के लिये भाजपा नेता बंटी सिंह, संतोष वर्मा, माकपा नेता अशोक साव आदि सक्रिय रहे.
