बराकर : आसनसोल नगर निगम प्रशासन के स्तर से विभिन्न मुद्दों पर शिल्पांचल के सभी व्यवसायिक संगठनों की नौ मार्च को होनेवाली बैठक के मुद्दे पर गुरुवार को बराकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यालय में कार्यकारिणी सदस्यांे की बैठक उपाध्यक्ष बालमुकुंद अग्रवाल की अध्यक्षता में हुयी.
सचिव शिव कुमार अग्रवाल ने संचालन किया. सचिव श्री अग्रवाल ने कहा कि बैठक मे इलाके के सभी दुकानदारों तथा व्यवसायियों को भाग लेना है. अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मेयर जितेंद्र तिवारी के समक्ष व्यवसाय से जुड़ी समस्याएं रखी जायेगी. उन्होंने कहा कि ट्रेड लाइसेंस को लेकर चेंबर ने मेयर श्री तिवारी, उपमेयर तब्बसुम आरा, स्थानीय विधायक उज्जवल चटर्जी तथा मंत्नी मलय घटक के साथ बैठक कर चुका है. व्यवसायियों की समस्याओ को उनके पास रखा गया है. इसके बाद भी इनका समाधान नहीं हो सका है.
बैठक में निर्णय लिया गया कि नौ मार्च को बराकर, बेगुनिया तथा हनुमान चढ़ाई से तीन बसें बैठक में जाने के लिए खुलेगी. उन्होंने कहा कि होल्डिंग टैक्स तथा ट्रेड लाइसेंस दोनों अलग अलग है. लेकिन नगर निगम प्रशासन बिना होल्डिंग टैक्स दिए ट्रेड लाइसेंस का नवीकरण नहीं कर रहा है. यह अत्यंत गंभीर मामला है. बैठक मे उपाध्यक्ष सुनील भालोटिया, राजेश लोसलका, बंटी कुमार, रामेश्वर भगत, सीताराम बरनवाल, महेश जालान, संतोष दीवान, मिठू माधोगडिया, संदीप लोयलका, महेन्द्र केडिया आदि उपस्थित थे. सचिव श्री अग्रवाल ने बताया की इस सम्बन्ध में रविवार को आम सदस्यो की बैठक बुलायी गयी है.
