आसनसोल : आसनसोल नॉर्थ थाना अंतर्गत रेलपार ओके रोड निवासी जैनूल अहमद को फोन पर खुद को बैंक अधिकारी बता कर एटीएम कार्ड से संबंधित नंबर की जानकारी लेकर साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 23,500 रूपये की निकासी कर ली.
पीड़ित जैनूल ने कहा कि एडीडीए मैदान में हो रही एज्तमा की तैयारियों को देख कर घर जाने के क्रम में उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया. खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उसने एटीएम के नवीकरण की प्रक्रिया कह आधार कार्ड का नंबर और एटीएम कार्ड पर छपे सोलह अंकों का ब्यौरा मांगा. जैनूल ने कहा कि वह आधार कार्ड लेकर आंध्र बैंक आ रहा है. पर कॉलर ने पहले ब्यौरा देने और उसके अगले दिन बैंक आने की बात कही. बार बार दबाव देने के बाद जैनूल ने एटीएम कार्ड का ब्यौरा दिया. जानकारी देने के चंद मिनटों के अंदर ही उसके मोबाइल पोन पर चार मैसेज आते हैं और जहांगीरी मोहल्ला स्थित आंध्रा बैंक खाते से चार बार में 23,500 रूपये की निकासी कर ली गयी.
अवैध निकासी की सूचना से घबड़ाये जैनूल ने इसकी सूचना स्थानीय पार्षद नसीम अंसारी को दी. पार्षद श्री अंसारी ने पीडित को बैंक से निकासी का ब्यौरा लेकर नॉर्थ थाने में शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया. पीडित ने कहा कि आंध्रा बैंक से कल ब्यौरा दिये जाने के बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.
शिवरात्रि धूमधाम से मनाने का निर्णय
बराकर : शिवरात्रि की तैयारी को लेकर बराकर स्टेशन रोड ग्वाला पट्टी स्थित शिव मंदिर में बुधवार को नवयुवक संघ की बैठक हुई. शहर में झांकी निकालने तथा 24 घंटा अखंड कीर्तन की तैयारी की समीक्षा की गयी. बैठक में शिवरात्रि धूमधाम से मनाने पर सहमति बनी. बैठक में राजनारायण यादव, रामधारी यादव, रमेश यादव, महेन्द्र यादव, सुरेन्द्र यादव, राजगीर साव, चन्दन साव तथा जालिम सिंह आदि उपस्थित थे .
