भुईयांधौडा में मकान ध्वस्त, बिजली काटे जाने का किया विरोध
कोलियरी एजेंट के साथ इस मुद्दे पर बैठक होगी नेताओं की आज
रूपनारायणपुर. सालानपुर एरिया अंतर्गत बनजेमारी कोलियरी परिसर के भुईयांधौडा में शुक्र वार को अवैध निर्माण तोड़ने और बिजली लाइन काटने के विरोध में भाजपा कर्मियों ने एजेंट कार्यालय का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया. एजेंट की अनुपस्थिति में कार्मिक प्रबंधक संदीप कौशिक ने बैठक की. बैठक में शनिवार को एजेंट के साथ बैठक पर सहमति बनी. अस्थायी तौर पर बिजली बहाल करने की सहमति पर आंदोलन समाप्त हुआ. भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मनु राय, जिला कमेटी सदस्य शुभाशीष भट्टाचार्य, बराबनी विधानसभा के पर्यवेक्षक संतोष सिंह, भारतीय जनता मजदूर मोर्चा के राज्य सचिव जीतेन रजवार, युवा मोर्चा के महासचिव केशव पोद्दार, बराबनी मंडल अध्यक्ष अरिजीत राय ने नेतृत्व किया.
बनजेमारी कोलियरी के विस्तार को लेकर नोनिया धौडा और भुईयां धौडा में कंपनी के 300 आवास और अवैध दो सौ आवासों को खाली करने की प्रक्रि या पिछले एक वर्ष से चल रही है. इसी के तहत शुक्र वार को भुईयां धौडा में सुरक्षा विभाग की टीम ने कंपनी के दो खाली आवासों को तोडा, बिजली के दो पोल उखाड़े और बिजली के तार नोच लिया. भाजपा कर्मी साधू शरण महतो के घर की चारदीवार तोड़ कर टीम लौट आयी. जिसके उपरांत भाजपा के सभी नेता पहुंचे और धौडा के सभी बच्चे ,बुढे ,औरत ,मर्द को लेकर बनजेमारी एजेंट कार्यालय पर धरना प्रदर्शन आरम्भ कर दिया.
एजेंट कार्यालय के कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया, क्योंकि पिछली बार इसी तरह के आंदोलन में कर्मचारियों पर हमला हुआ था. भारी संख्या में सीआइएसएफ और सुरक्षा विभाग के कर्मी जमा हो गये. भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री राय ने बताया कि कार्मिक निदेशक केएस पात्न के साथ बैठक हुई थी. पुनर्वास के बगैर जबरन नहीं हटाने पर सहमति बनी थी.लोग रामडी में शिफ्ट हो रहे है. छह माह का समय लगेगा.
तीन घंटे तक चले आंदोलन के उपरांत कार्मिक प्रबंधक श्री कौशिक ने नेताओं के साथ बैठक की. अस्थायी तौर पर बिजली बहाल करने और मुद्दे पर शनिवार को एजेंट के साथ बैठक के आश्वासन पर शाम पाँच बजे आंदोलन समाप्त हुआ.
एटक ने दिया नैतिक समर्थन
सालानपुर एरिया सीएमएस के सचिव शैलेन्द्र सिंह ने गरीबों के हक के लिए भाजपा के इस आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि इसीएल की स्थापना से वर्षों पूर्व से यह लोग यहां पर बसे है. उनमें सैकडो लोग इसीएल की जमीन पर नहीं है. कंपनी सभी को जबरन खाली कराने का कार्य कर रही है. बगैर पुनर्वास लोगों को वहां से हटाने का सीएमएस विरोध करती है. यह मुद्दा एरिया और कोलियरी जेसीसी की बैठक में उठाया जायेगा.
