रुपनारायणपुर : सालानपुर प्रखंड अंतर्गत अजय नदी किनारे फतेहपुर मौजा में बालू के चार ब्लॉकों की नीलामी में 39 व्यक्ति तथा कंपनी आगामी 24 व 26 दिसंबर को ऑनलाइन बोली लगायेंगे.
सनद रहे कि बीते अप्रैल, 2016 में भी इन बालू ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की गयी थी. लेकिन नीलामी में बोली लगानेवालों की कमी के कारण प्रक्रिया रद्द करनी पड़ी थी. जिला प्रशासन के स्तर से अवैध बालू कारोबार की नकेल कसने के उपरांत भारी संख्या में बीडरों ने नीलामी प्रक्रिया में भाग लेकर उत्साह दिखाया है और निलामी में भाग लेने के लिए जिला कार्यालय में निबंधन कराया है.
फतेहपुर मौजा में अजय नदी पर 6.20 एकड़, छह एकड़, 7.80 एकड़ और 6.90 एकड़ के चार बालू के ब्लॉक बनाये गये हैं. 6.20 एकड़ पर दस, छह एकड़ पर 11, 7.80 एकड़ पर दस और 6.90 एकड़ पर 12 व्यक्ति तथा संस्थाओं ने बोली लगाने के लिए निबंधन कराया है. जांच के क्रम में चारों ब्लॉक के लिए मिले आवेदनों में से एक कंपनी के आवेदन को रद्द किया गया है. वैध बीडरों की संख्या 39 है.
औसत के आधार पर आठ प्रखंडों में से सबसे अधिक बीडर सालानपुर में ही है. दामोदर नदी पर बर्दवान दो प्रखंड में बालू के 19 ब्लॉकों के लिए 120 बीडर, जमालपुर प्रखंड में 14 ब्लॉकों के लिए 101 बीडर, खंडघोष प्रखंड में छह ब्लॉकों के लिए 58 बीडर, गलसी प्रखंड के 23 ब्लॉकों के लिए 135 बीडर, अजय नदी पर काटवा एक प्रखंड में नौ ब्लॉकों के लिए 54 बीडर, मंगलकोट प्रखंड में 15 ब्लॉकों के लिए 65 बीडर, आउसग्राम दो प्रखंड में 12 ब्लॉकों के लिए 59 बीडर बोली लगायेंगे.
बालू की रॉयल्टी 53 रुपये घनमीटर
बालू ब्लॉक प्राप्त करने के बाद बालू बेचने के लिए प्रति घनमीटर बालू पर 53 रुपये सरकार को रॉयल्टी देनी होगी. रॉयल्टी के लिए बीएलएंडएलआरओ कार्यालय से चालान लेना होगा. उस चालान के एवज में 53 रुपया घनमीटर के हिसाब से राशि बीएलएंडएलआरओ कार्यालय में जमा करना होगी. चालान के बगैर बालू लदे वाहन पकड़े जाने पर 45 हजार रुपये का जुर्माना होगा. जानकारों का कहना है कि यदि बालू कारोबार पर प्रशासन की निगरानी न रही तो एक चालान पर ही दिनभर में 20 से 30 ट्रीप बालू बेच दिया जायेगा. सुबह गाड़ी को चालान दे दिया गया. जबतक गाड़ी पकड़ी नहीं जाती तब तक उसी चालान पर बालू की सप्लाइ होती रहेगी.
50 एकड़ से अधिक के लिए आवेदन रद्द
बर्दवान जिला में बालू के 102 ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन के साथ हार्ड कॉपी एडीएम (एलआर) कार्यालय में जमा कराना था. जिस ब्लॉक के लिए बीडर बोली लगाना चाहता था उस ब्लॉक के रिजर्व प्राइस की दस प्रतिशत राशि इएमडी के तौर पर ड्राफ्ट बनाकर देना था और एक बीडर 50 एकड़ से ज्यादा के ब्लॉक में बोली के लिए निबंधन नहीं करा सकता था. निबंधन के लिए जमा आवेदनों में 199 आवेदन रद्द हुए. इसमें कुछ आवेदनों में इएमडी की राशि कम पायी गयी.
