नगर निगम प्रशासन के अभियान की शुरुआत की मेयर जितेंद्र ने
‘धर्मनिरपेक्षता और हमारा दायित्व’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित
नगर निगम पुराने दायित्व के साथ नये दायित्व का करेगा िनर्वाह
आसनसोल : मेयर जितेंद्र तिवारी ने कहा कि नगर निगम प्रशासन का मुख्य कार्य शहर के विकास के लिए ढांचागत सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं पानी, लाइट, बिजली, सड़कें, सफाई की व्यवस्था करना और सरकार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों तक पहुंचाना ही था.परंतु आसनसोल नगर निगम ने अपने पुराने दायित्व निर्वाह के साथ ही कुछ नये दायित्वों को भी निर्वाह करने का निर्णय पिछले बोर्ड की बैठक में लिया है. सोमवार को नगर निगम द्वारा आयोजित सेमिनार ‘धर्मनिरपेक्षता और हमारा दायित्व’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धर्म निरपेक्ष राष्ट्र में धर्मनिरपेक्षता और हमारा दायित्व का प्रचार प्रसार सभी वार्ड में किया जायेगा. जिसका आरंभ इस मंच से हुआ.
उन्होंने कहा कि अब तक यह प्रचलन था कि पार्षद वार्ड के लिए ज्यादा से ज्यादा कार्य करें, लोगों को अधिकतम नागरिक सुविधाएं देने का प्रयास करें, ज्यादा से ज्यादा लोगों से मिलें, उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति सक्रिय रहें तो अगले कार्यो से संतुष्ट जनता अगले पांच साल कार्य करने का मौका देगी. परंतु समाज के कुछ लोग जिनका सालों साल कहीं कोई अता पता नहीं रहता, वे ठीक चुनाव के पहले लोगों को जात, धर्म, भाषा, संस्कृति के नाम पर बांटने का प्रयास करते हैं.
एक हिंदू पार्षद अगर वह अच्छा काम करता है लेकिन अगर उस वार्ड में मुसलिमों की संख्या अधिक है तो उसे अच्छे काम करने के बाद भी हार जाना पडता है. अगर कोई मुसलिम पार्षद अच्छा काम करता है लेकिन उस वार्ड में हिंदुओं की संख्या अधिक है तो उसे चुनाव में हार जाना पडता है. समाज बांटने वालों से सावधान रहने की जरूरत है और इनके मनसूबों को भी समझने की जरूरत है. इंसानों का दायरा बढ़ने के साथ जिम्मेवारी भी बढती है. घर के लिए राशन, पानी की जिम्मेवारियों तक ही सीमित रहने वाले जब अपने मुहल्ले वालों के लिए सोचना शुरू करते हैं तो उनकी जिम्मेवारियों बढ़ जाती हैं.
मेयर श्री तिवारी ने कहा कि इस साल भी त्योहारों के मौसम में शहर को अव्यवस्थित करने का प्रयास किया गया था. वे हिंदू हैं, गाय माता है और गोमाता की रक्षा करना हिंदू का धर्म है तो उनका भी धर्म है. पर ऐसे लोग कहां रहते हैं जब वे कहते हैं कि गाय उनकी माता है और जिस माता ने जन्म दिया था उसे अपनी खोराकी लेने के लिए कोर्ट के चक्कर काटने पडते हैं. तब ये लोग उस मां के प्रति अपने दायित्व और धर्म के बात पर क्यों नहीं खडे होते?
सेमिनार को आसनसोल गल्र्स कॉलेज के पूर्व प्राचार्य पीकेदे सरकार, टीडीबी कॉलेज के प्राचार्य आशिष बनर्जी, बीसी कॉलेज के प्राचार्य फाल्गुनी मुखर्जी ने भी संबोधित किया. अवसर पर उपमेयर तबस्सुम आरा, रानिगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आरपी खेतान, आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, प्रवीर धर, मेयर परिषद सदस्यों में पूर्ण शशि राय, लखन ठाकुर, अंजना शर्मा , पार्षद बबीता दास, उमा सर्राफ, बाच्चू राय चौधरी, बादल पुइतंडी आदि उपस्थित थे.
ट्रेड लाइसेंस का दायित्व विभाजन किया मेयर ने
आसनसोल. आसनसोल नगर निगम के राजस्व को बढाने और निगत अंतर्गत बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित हो रहे व्यवसायों को व्यवस्थित करने के उददेश्य से मेयर जितेंद्र तिवारी ने सोमवार को निगत पार्षदों को अतिरिक्त दायित्व सौंपा.
मेयर परिषद सदस्य (क्रीड़ा व संस्कृति) अभिजीत घटक को बोरो नंबर एक, दो तीन तथा चार, मेयर परिषद सदस्य (अल्पसंख्यक विकास) मीर हासीम को बोरो नंबर आठ, नौ, दस और पार्षद सीके रेश्मा रामाकृष्णन को बोरो नंबर पांच, छह तथा सात में ट्रेड लाइसेंस जारी करने का दायित्व सौंपा गया. मेयर श्री तिवारी ने निर्देश दिया कि जहां जहां बिना ट्रेड लाइसेंस के दुकानों का संचालन हो रहा है उन्हें नोटिस भेज कर ट्रेड लाइसेंस बनाने में सहयोग करें. इसके बाद भी जो दुकान बिना ट्रेड लाइसेंस के संचालित किये जायेंगे उन पर कानूनी कार्यवाही की जायेगी. पहले यह कार्य मेयर श्री तिवारी स्वयं करते थे.
