रुपनारायणपुर. सालानपुर प्रखंड के रुपनारायणपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत पश्चिम बंगाल झारखंड सीमा से बीएलएंडएलआरओ कार्यालय तक बर्दवान जिला परिषद के अधीन रोड की बदहाली के मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को बिहार रोड में सतसंग मंदिर के पास सड़क अवरोध किया.
सालानपुर पंचायत समिति के अध्यक्ष श्यामल मजूमदार, ज्वाइंट बीडीओ रत्नदीप पाल, रुपनारायणपुर ग्राम पंचायत के उपप्रधान असीम घोष, रुपनारायणपुर फांड़ी प्रभारी एसएस ठाकुर ने पथावरोध समाप्त करने का प्रयास किया. लेकिन जिला परिषद के अभियंता के घटनास्थल पर आने की मांग पर आंदोलनकारी अड़े रहे. ढाई घंटे के बाद जिला परिषद के अभियंता के आने की सूचना पर एक बजे सड़क जाम समाप्त हुआ. दो अभियंताओं ने आकर सड़क की नापी की और मंगलवार से मरम्मत आरंभ होने की घोषणा की. पश्चिम बंगाल से मिहिजाम के रास्ते झारखंड सहित अन्य राज्यों में बिहार रोड है. यहां पश्चिम बंगाल झारखंड सीमा पर जिला परिषद का टॉल प्लाजा है. वाहनों के आने जाने पर दस रुपया से 50 रुपया तक चुंगी वसूली जाती है.
बिहार रोड के निवासी व व्यवसायी सपन दां ने बताया कि चुंगी कर होने के बावजूद सड़क की हालत बद से बदतर है.सड़क खड्डों से भरी है. दुर्गापूजा के समय सड़क मरम्मत के बजाए खड्डों को स्टोन डस्ट से भर दिया गया. जिसके कारण वाहनों के गुजरने से उड़ने वाले धूल से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. आये दिन दुर्घटना, सड़क जाम से लोग परेशान हो गये है. शुक्रवार को लोगों ने आंदोलन करते हुए पथावरोध किया. टोल प्लाजा से तत्काल सड़क के गड्ढों की भराई के लिए ट्रेक्टर से मिट्टी भेजी गयी. जिसका लोगों ने विरोध कर जिला परिषद के अभियंता के यहां आने की मांग पर अड़े रहे. सुबह साढ़े दस बजे से एक बजे तक आंदोलन चला. ढाई घंटे के आंदोलन के कारण झारखंड और बंगाल दोनो ओर सैकड़ों वाहनों का जाम लग गया. जाम में फंसे यात्रियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा. जिला परिषद के अभियंता के आने की सूचना पर आंदोलन समाप्त हुआ. दो अभियंताओं ने सड़क पर बने सभी खड्डों की नापी ली और आश्वासन दिया कि मंगलवार से मरम्मत आरंभ होगी. स्थानीय लोगों ने कहा कि कार्य आरंभ न होने पर पुन: आंदोलन होगा.
