कम उम्र के कर्मियों के नैनी यूनिट में समायोजन का आश्वासन सीएमडी का
58 वर्ष की उम्र पार कर चुके कर्मियों ने लगायी भीड़ फॉर्म लेने के लिए
रुपनारायणपुर. हिन्दुस्तान केबल्स लिमिटेड (एचसीएल) में गुरुवार की सुबह यूनियन नेताओं ने गेट मीटिंग कर सीएमडी के साथ हुयी बैठक में मिली जानकारी आम कर्मियों के साथ शेयर की.
इसके बाद वीआरएस फॉर्म लेने के लिए श्रमिकों में होड़ मच गयी. इंटक नेता उमेश झा के आवासीय कार्यालय पर भी कर्मियों की भीड़ जुटी. सनद रहे कि 31 अक्तूबर वीआरएस फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है. गेट मीटिंग को इंटक नेता श्री झा, सीटू नेता मधुसुधन घोष, एटक नेता अमिताभ दे और एचएमएस नेता सौमित्र चौधरी आदि ने संबोधित किया. सनद रहे कि केंद्रीय सरकार के स्तर से बंदी की आधिकारिक घोषणा किये जाने के बाद भी कर्मी वीआरएस फॉर्म लेने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे. उनका तर्क था कि योजना से संबंधित कई मुद्दों पर प्रबंधन स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा था. उन्हें कंपनी के सीएमडी के साथ यूनियन नेताओं की बैठक का इंतजार था ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके. बैठक में सीएमडी ने अधिसंख्य मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट कर दी. उन्होंने 31 अक्तूबर तक वीआरएस फॉर्म भरने का आग्रह किया.
नये श्रमिकों को नैनी यूनिट में नियोजन का आश्वासन: कंपनी की रूपनारायणपुर, नैनी और हैदराबाद यूनिटों में से नैनी यूनिट के अधिग्रहण में हिन्दुस्तान एरोमेटिक लिमिटेड(एचएएल) ने दिलचस्पी दिखायी है तथा प्रक्रिया अंतिम चरण में है. सीएमडी के साथ बैठक में यूनियन नेताओं ने प्रस्ताव रखा कि कंपनी में जो नये कर्मचारी है, उन्हें नैनी यूनिट में समायोजित किया जाये. सीएमडी ने आश्वासन दिया कि वे इस दिशा में सार्थक पहल करेंगे. इस मुद्दे पर उन्होंने मंत्रलय में भी बात की है तथा उम्र के आधार पर कर्मियों का डाटा तैयार किया गया है.
उन्होंने कहा कि नैनी यूनिट के अधिग्रहण में कम से कम तीन माह का समय सगेगा. इस बीच जो कर्मी नैनी यूनिट के लिए उपयरुक्त पाये जायेंगे, उनसे नैनी यूनिट में जाने के लिए प्रस्ताव मांगा जायेगा. यदि वे इसके लिए तैयार हो जायेंगे तो उनका वीआरएस आवेदन खारिज कर उनका तबादला नैनी यूनिट में कर दिया जायेगा.
उम्र के आधार पर आंकड़ा: रुपनारायणपुर यूनिट, कॉरपोरेट कार्यालय, ट्रंकी प्रोजेक्ट (नयी दिल्ली), मशीन एंड टूल्स (नरेन्द्रपुर) में 58 वर्ष उम्र के 76 अधिकारी व 531 कर्मी है. न्यूनतम 42 साल उम्र के चार श्रमिक, 43 साल उम्र के तीन, 44 साल उम्र के दो, 45 साल उम्र के 10, 46 साल उम्र के नौ श्रमिक, 47 साल उम्र के दो अधिकारी व सात श्रमिक, 48 साल उम्र के एक अधिकारी व 19 श्रमिक, 49 साल उम्र के पांच अधिकारी व 19 श्रमिक, 50 साल उम्र के नौ अधिकारी व आठ कर्मी, 51 साल उम्र के तीन अधिकारी व 19 कर्मी, 52 साल उम्र के नौ अधिकारी व 66 कर्मी, 53 साल उम्र के नौ अधिकारी व 78 कर्मी, 54 साल उम्र के पांच अधिकारी65 कर्मी, 55 साल उम्र के नौ अधिकारी व 55 कर्मी, 56 साल उम्र के 11 अधिकारी व 59 कर्मी, 57 साल उम्र के 12 अधिकारी व 87 कर्मी तथा 58 साल के एक अधिकारी और 382 कर्मी कार्यरत हैं.
बुधवार की बैठक में कोलकाता हाइ कोर्ट के आधार पर सीएमडी ने 60 वर्ष तक की ुम्र के कर्मियों को वीआरएस के लिए आवेदन जमा करने की मंजूरी दे दी. इसके बाद गुरुवार को फॉर्म संग्रह करने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ इन उम्र के कर्मियों की रही. प्रबंधन द्वारा कर्मियों के अवकाश ग्रहण की उम्र सीमा 58 वर्ष लागू किये जाने को गैरकानूनी बता कर अदालत में दायर मामले में जो श्रमिक शामिल नहीं थे, गुरुवार को वे सारे श्रमिक मामले में खुद को जोड़ने के लिए पैसा लेकर भटकते रहे.
