आसनसोल. आसनसोल स्टेशन परिसर में सोमवार की सुबह डाउन आसनसोल वर्दवान मेमू पैसेंजर से दुर्गापुर की यात्र कर रही रेलयात्री पूर्णिमा दासी के गले से सोने की चेन उचक्कों ने गायब कर दी. इसकी कीमत 35 हजार रूपये थी. पीड़िता ने आसनसोल जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
आसनसोल साउथ थाना अंतर्गत इस्माइल निवासी सुश्री दासी ने बताया कि वह दुर्गापुर जाने के लिए सुबह 7 :40 की लोकल ट्रेन में सवार हुयी. उसी दौरान किसी ने उनके गले से सोने की चेन गायब कर दी. घटना की उन्हें भनक तक नहीं लगी. सीट पर बैठने के बाद पता चला कि गले से चेन गायब है.
उन्होंने ट्रेन छोड़ कर जीआरपी में शिकायत दर्ज करायी. जीआरपी मामले की जांच कर रही है. सनद रहे कि दीपावली व छठ पूजा को लेकर लोकल ट्रेनों से लेकर एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ काफी हो रही है. इसका फायदा उचक्के उठा रहे हैं. रेलयात्रियों की सुरक्षा को लेकर आसनसोल स्टेशन परिसर में आरपीएफ व जीआरपी की ओर से भी लगातार मुस्तैदी बरती जा रही है. इसके बाद भी अपराधी अपना कार्य कर रहे हैं.
