मालदा में भाजपा नेता को बदमाशों ने बम से उड़ाया

हमले में भतीजा भी बुरी तरह से घायल हत्या करने का आरोप तृणमूल पर 24 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज छह को पुलिस ने दबोचा मालदा : घर में घुस कर भाजपा नेता को बम से उड़ाने का आरोप तृणमूल समर्थित बदमाशों पर लगा है. इस घटना में मृत भाजपा नेता का एक भतीजा सिंटू मंडल(22) […]

हमले में भतीजा भी बुरी तरह से घायल
हत्या करने का आरोप तृणमूल पर
24 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
छह को पुलिस ने दबोचा
मालदा : घर में घुस कर भाजपा नेता को बम से उड़ाने का आरोप तृणमूल समर्थित बदमाशों पर लगा है. इस घटना में मृत भाजपा नेता का एक भतीजा सिंटू मंडल(22) भी बुरी तरह से जख्मी हुआ है. काफी नाजुक हालात में उसे मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के आइसीयू में भरती कराया गया है.
यह सनसनीखेज घटना नवमी (सोमवार) की दोपहर वैष्णवनगर थाना अंतर्गत आकंदबाड़िया ग्राम पंचायत के मृत्युंजयटोला गांव की है. मृत भाजपा नेता रामचंद्र मंडल(45) की पत्नी प्रभा मंडल और उनके भाई अनिल मंडल ने अलग-अलग वैष्णनवनगर थाने में हत्या के आरोप में 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. मंगलवार को पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार नवमी के दिन 25 से 30 लोगों ने भाजपा नेता और पेशे से किसान रामचंद्र मंडल के घर पर हमला बोल दिया. बदमाशों ने उनके घर में घुसकर बमबाजी की. बदमाशों द्वारा फेंके गये बम से रामचंद्र मंडल का चिथड़ा उड़ गया. उनका भतीजा भी बुरी तरह से घायल हुआ है. मृतक की पत्नी प्रभा मंडल ने बताया कि घटना के समय वह खाना बना रही थी. कुछ समझने से पहले ही बदमाशों ने बम फेंकना शुरू कर दिया. घटना को अंजाम देकर सभी फरार हो गये.
अनिल मंडल ने बताया कि विधानसभा चुनाव में उनके भाई रामचंद्र ने भाजपा के समर्थन में खुल कर प्रचार किया था. पिछले कुछ दिनों से तृणमूल समर्थित दो स्थानीय बदमाश भाजपा छोड़ने के लिये काफी दवाब दे रहे थे. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सभी हमलावर तृणमूल समर्थक थे. सभी बदमाश अवैध अफीम की खेती और हथियारों की तस्करी से जुड़े हैं. भाई ने इनके अवैध धंधों को बंद कराने के लिये मोरचा खोल दिया था. इसी वजह से इन लोगों ने उनकी हत्या कर दी.
वैष्णवनगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक स्वाधीन सरकार ने बताया कि मृत रामचंद्र मंडल ब्लॉक के महासचिव थे. उस इलाके में उनका एक अलग ही प्रभाव था. चुनाव में उनके क्षेत्र से भाजपा को काफी अच्छा समर्थन मिला था. इसके अतिरिक्त इलाके में जारी कुछ अवैध धंधो को बंद करने के लिये रामचंद्र काफी प्रयासरत थे. उनकी हत्या के पीछे राज्य सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस के नेताओं का ही हाथ है. पूरे मामले की जानकारी राज्य नेतृत्व को दे दी गयी है.
इधर जिला तृणमूल अध्यक्ष मोयाज्जम हुसैन ने आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि इस हत्याकांड के साथ तृणमूल का कोई लेना-देना नहीं है. इस कांड में शामिल आरोपी तृणमूल के सदस्य नहीं है. हम भी चाहते हैं कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाई करे.
वैष्णवनगर थाने की पुलिस ने बताया कि रामचंद्र मंडल हत्याकांड में आरोपी उज्जवल मंडल, सतीश मंडल, कालू मंडल, निमाइ मंडल, त्रिदीव सिंह व सुनील मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है. जिला पुलिस अधीक्षक अरणब घोष ने बताया कि रामचंद्र हत्याकांड में छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. अन्य आरोपी इलाके से फरार है. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >