करीमडंगाल निवासी हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
पेयजल लेने के लिए फरसाडंगाल के युवकों से हुआ था संघर्ष
बराकर : वार्ड नंबर 70 अंतर्गत हनुमान चढ़ाई निवासी युवकों पर हुए हमला में हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग के समर्थन में सोमवार को सैकड़ों महिलाओं व पुरुषों ने बराकर फांड़ी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी न होने पर वे आंदोलन तेज करेंगे. पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बीते 10 सितंबर की रात हनुमान चढ़ाई निवासी रोहित राय एवं विकास यादव पर करीम डंगाल के निवासी युवकों ने तलवार से हमला किया. जिससे रोहित के दोनो हाथों की सात अंगुली चोटिल हो गयीं. इस घटना के संबंध में बराकर फांड़ी में हमला में शामिल करीमडंगाल के निवासियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. करीम डंगाल के निवासियों ने फरसाडंगाल के नौ निवासियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करायी है. उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी पक्षपात कर रहे हैं. वे आरोपियों की गिरफ्तार करने से बच रहे हैं.
इधर युवा नेता केशव पोद्दार ने इस संबंध में बराकर फांड़ी प्रभारी विजय दलपति से बात की. श्री दलपति ने बताया कि लगातार छापेमारी की जा रही है. करीमडंगाल निवासी सभी आरोपी घर में ताला बंद कर भाग गये हैं. उनके समझाने के बाद सभी प्रदर्शनकारी फांड़ी कार्यालय के सामने से हट गये लेकिन हनुमान चढ़ायी के निकट पहुंचकर जीटी रोड जाम कर दिया.
पुलिस ने आंदोलनकारियों को समझा-बुझा कर शांत किया. उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई पक्षपात नहीं होगा. सभी आरोपी गिरफ्तार होंगे. इसके बाद आंदोलनकारी सड़क से हटे. मालूम हो कि पानी को लेकर करीमडंगाल एवं फरसाडंगाल के युवकों के दो गुटों के बीच जम कर मारपीट हुयी थी. दोनों पक्षों से कई युवक घायल हुए थे.
13 टन अवैध कोयला जब्त किया सीआइएसएफ ने
बराकर. दामागोड़िया कोलियरी के सीआइएसएफ के पोस्ट इंस्पेक्टर के नेतृत्व में रविवार की रात्रि चापतोड़िया प्रोजेक्ट के निकट छापामारी कर 13 टन अवैध कोयला जब्त किया गया. इसे कोलियरी प्रबंधक को सौंप दिया गया.
