निमिचा फांड़ी में शिकायत दर्ज करायी कंपनी सुपरवाइजर ने
मारपीट में शिकायतकर्ता घायल, पार्टी नेताओं से भी शिकायत
रानीगंज. रानीगंज ब्लॉक अंतर्गत जेमेरी ग्राम आंचलिक तृणमूल के नये अध्यक्ष तपन मुखर्जी ने निजी कंपनी के सुपरवाइजर को धमकी देकर रंगदारी की मांग की. इस आशय का आरोप लगाते हुए जेके नगर लाइनपार निवासी महादेव नस्कर ने निमचा फांड़ी में प्राथमिकी दर्ज करायी है. हालांकि आरोपी श्री मुखर्जी ने इसे मिथ्या और अपने विरुद्ध साजिश बताया.
पुलिस को दी शिकायत के बारे में श्री नस्कर ने बताया कि जेट पावर प्रोजेक्ट कंपनी के द्वारा जेके नगर सेंट्रल साइडिंग की बाउंड्रीवाल तथा फैंसिंग का कार्य किया जा रहा है. शुक्रवार की प्रात: कोलियरी डिस्पेंसरी गेट के समीप उक्त कंपनी द्वारा कार्य किये जाने पर श्री मुखर्जी ने खुद को सत्ताशीन तृणमूल का स्थानीय अध्यक्ष बताया. उन्होंने उनसे रंगदारी की मांग करते हुए गाली गलौज तथा मारपीट की.
रंगदारी न देने पर हत्या करने की धमकी भी दी. घटना के बाद उन्होंने रानीगंज आलू गोड़िया स्थित सरकारी अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा करायी तथा निमचा फांड़ी में प्राथमिकी दर्ज करायी. उक्त कंपनी द्वारा इस शिकायत पत्र की प्रति आसनसोल साउथ (ग्रामीण) ब्लॉक टीएमसी के उपाध्यक्ष अभय उपाध्याय को देते हुए श्री मुखर्जी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की गयी है.
श्री मुखर्जी ने कहा कि प्रात: इलाके में घुमने के दौरान उक्त कंपनी द्वारा किये जा रहे कार्य को सटीक रुप से करने के लिये उन्होंने कहा. उक्त कंपनी पंचायत सदस्य तारकेश्वर राय की है. उन्हें साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है. इस शिकायत से उनकी छवि खराब हुयी है. वे मानहानि का मुकदमा करेंगे.
तृणमूल ब्लॉक उपाध्यक्ष श्री उपाध्याय ने कहा कि उन्हें शिकायती पत्र मिला है. उक्त पत्र को ब्लॉक टीएमसी कमेटी की मीटिंग में पेश करेंगे. आसनसोल दक्षिण (ग्रामीण) ब्लॉक टीएमसी अध्यक्ष बाबु राय ने कुछ भी कहने से इंकार करते हुए मामले की छानबीन कर कोई भी टिप्परणी करेंगे.
