जहांगिरी मोहल्ला टीओपी के पुलिस कर्मियों को बताया नकारा
बढ़ रही आपराधिक गतिविधियां, मादक पदार्थो की बिक्री खुलेआम
आसनसोल. आसनसोल नॉर्थ थाना अंतर्गत रेल पार अंचल में दिनों दिन बढ़ती आपराधिक वारदातों, जहांगिरी मोहल्ला टीओपी के एसआइ द्वारा नागरिकों के साथ र्दुव्यवहार के विरोध में नगर निगम के बोरो तीन के चेयरमैन गुलाम सरवर के नेतृत्व में एमएमआइसी (रोजगार एवं आदि वासी उन्नयन) श्याम सोरेन, पार्षद नसीम अंसारी, पार्षद दीपक कुमार साव, पार्षद नरेंद्र मुमरू ने आसनसोल नॉर्थ थाना प्रभारी असीम मजूमदार को ज्ञापन दिया.
बोरो चेयरमैन श्री सरवर ने बताया कि 19 जुलाई को जहांगिरी मोहल्ला कब्रिस्तान के निकट मोहम्मद सफरूद्दीन का शव बरामद हुआ था. उसकी मौत के बारे में कोई खुलासा नहीं हुआ. जहांगिरी मोहल्ला टीओपी पूरी तरह फेल है. वहां पदास्थापित एएसआइ मोहम्मद नूर अली किसी मामले की शिकायत करने जाने वाली महिलाओं के साथ र्दुव्यवहार करते हैं, टीओपी के आइसी अजीत कुंडू इलाके में बढ़ते अपराध को रोक पाने में पूरी तरह विफल हैं. इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जीा रही है. प्रतिबंधित ड्रग्स, हेरोइन,गांजा का खुले आम सेवन किया जा रहा है, जुआ हो रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के स्तर से पुलिस विभाग को पूरी सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है.
इसके बाद भी अपराध पर नियंत्रण न होने से आम जनता में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है. वे लगातार स्थानीय पार्षदों से इसकी शिकायत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि बढ़ती आपराधिक घटनाओं को नियंत्रित नहीं किया गया तो वे पुलिस आयुक्त से शिकायत करने को बाध्य होंगे.
आसनसोल नॉर्थ थाना प्रभारी श्री मजूमदार ने बताया कि वे अभी नये हैं, इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है, पुलिस पहले से ज्यादा मुस्तैद है. उनके द्वारा की गयी शिकायतों के मुद्दे पर वे संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे. उन्होंने इलाके में शांति के लिए पुलिस को सहयोग देने का आग्रह किया.
