प्रोत्साहन. आसनसोल शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में अब होगी प्रतिस्पर्धा
आसनसोल : केंद्र सरकार के स्वच्छ शहर सव्रे में आसनसोल शहर को सर्वाधिक दूसरा गंदा शहर घोषित होने के बाद हर स्तर पर इस कलंक को धोने की पहल शुरू हो गयी है. इस मुद्दे पर मेयर जितेंद्र तिवारी ने गुरुवार को तीन नंबर, चार नंबर व पांच नंबर बोरो कमेटी के चेयरमैन और पार्षदों के साथ बैठक की. इसमें सफाई के अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए विभिन्न क्लबों, वार्डो तथा स्वयंसेवी संस्थाओं को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया.
मेयर श्री तिवारी ने कहा कि बैठक में सबका मानना था कि सव्रे में शामिल आंकड़े काफी पुराने हैं. नये बोर्ड गठन को तीन महीने हुए हैं. इतने कम समय में ही 106 वार्डो में पानी, सड़क, नागरिक परिसेवा और सफाई के क्षेत्र में युद्ध स्तर पर कार्य जारी है.
उन्होंने कहा कि बैठक में बोरो चेयरमैन व पार्षदों से सफाई के मुद्दे पर सुझाव मांगे गये. शहर को साफ रखने के लिए शहरवासियों को भी सफाई अभियान में शामिल होना होगा. प्रत्येक वार्ड के क्लबों, सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं को इस मुहिम में शामिल किया जायेगा. प्रत्येक बोरो इलाके में क्लबों को सफाई में प्रतिस्पर्धा आयोजित की जायेगी. प्रथम क्लब को दस हजार, द्वितीय को पांच हजार और तृतीय को तीन हजार रुपये मूल्य की खेल सामग्री दी जायेगी.
बोरो इलाके में बेहतर सफाई कर प्रथम स्थान पाने वाले वार्ड में अतिरिक्त दस लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे वार्ड में पांच लाख और तृतीय स्थान पर रहे वार्ड में तीन लाख रूपये का अतिरिक्त उन्नयन मूलक कार्य किया जायेगा. सफाई कर्मियों को भी प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दुर्गा पूजा के समय उचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया जायेगा. इसका निर्धारण इसके लिए गठित कमेटी करेगी तथा कार्य मूल्यांकन की अवधि 25 दिसंबर तक होगी.
विपक्ष के नेता व पार्षद वशिमुल हक ने वार्ड में सफाईकर्मियों की कमी दूर करने, उनके कार्य पर निगरानी रखने, सफाई से जुड़े संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि कूड़ा परिवहन के लिए ट्रैक्टर के साथ-साथ हाथ गाड़ी दी जाये ताकि संकरी गलियों वाले इलाकों से भी कू ड़ा का उठाव हो सके. कू ड़ेदानों की संख्या बढ़ायी जाये. वाम मोर्चा बोर्ड के समय घर घर जाकर कूड़ा संग्रह करने की गतिविधि कम हो गयी है. इसे पूरी तरह लागू की जाये.
नगर निगम क्षेत्र में स्थित औद्योगिक संस्थानों व प्रतिष्ठानों को भी जोड़ा जायेगा. बैठक में उप मेयर तबस्सुम आरा, चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, बोरो तीन के चेयरमैन गुलाम सरवर, चार के चेयरमैन दयामय राय सहित इन इलाकों के अधिसंख्य पार्षद शामिल थे. बोरो पांच के चेयरमैन अनिमेष दास उपस्थित नहीं थे.
