दुर्गापुर : बर्दवान के आउसग्राम थाना अंतर्गत रामनगर पंचायत के मोरबांध गांव में बुधवार की संध्या प्रशासन की तत्परता के कारण नाबालिग की शादी रोक दी गई. संध्या लगभग साढ़े छह बजे आउसग्राम दो नंबर ब्लॉक के बीडीओ दीप्तिमय दास को खबर मिली कि गांव की 17 वर्षीय लड़की की शादी की जा रही है. उन्होंने इसकी सूचना आउसग्राम थाने को दी. तत्पश्चात ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी भवानी प्रसाद नंदी पुलिस को लेकर उस नाबालिग के घर पहुंचे.
प्रशासनिक अधिकारियों ने नाबालिग के पिता एवं अन्य परजनों के साथ बातचीत की. उन्हें समझाया कि 18 वर्ष से पहले शादी गैरकानूनी है. इसके बाद नाबालिगा के पिता ने लिखित रूप से यह बताया कि 18 वर्ष से पहले वे बेटी का विवाह नहीं करेंगे. बीडीओ श्री दास ने बताया कि उक्त परिवार को सरकारी अवसर व सुविधा मिल सके, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है ताकि उस नाबालिगा को फिर से विद्यालय भेजा जा सके.
