-न्यू टाउनशीप थाना पुलिस ने वापस दिलायी कार्यालय की चाबी
-स्थानीय थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी, आरोप-प्रत्यारोप जारी
दुर्गापुर. न्यूटाउन शीप थाना अंतर्गत एमएएमसी बीओजीएल प्लांट के समीप माकपा कार्यालय में तृणमूल कर्मियों ने तोड़फोड़ की. संबंधित दस्तावेजों में आग लगा दी तथा कार्यालय में ताला बंद कर उस पर तृणमूल का झंड़ा लगा दिया.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तृणमूल के कब्जे से कार्यालय को मुक्त करा कर माकपा नेताओं को सौंपा. इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सीटू नेता विनय कृष्ण चक्रवर्ती ने बताया कि चुनाव आते ही तृणमूल कांग्रेस कर्मियों का आतंक शुरू हो गया है.रविवार की शाम पार्टी कार्यालय में एक दर्जन से अधिक कर्मी बैठ कर राजनीतिक चर्चा कर रहे थे. अचानक दर्जनों तृणमूल समर्थकों ने कार्यालय में धावा बोल दिया. कार्यालय में मौजूद माकपा कर्मियों के साथ मारपीट की तथा उन्हें बल पूर्वक कार्यालय से बाहर निकाल दिया. इसके बाद कार्यालय में ब्यापक तोड़फोड़ की गयी एवं जरुरी कागजों को जला दिया गया.
कार्यालय में कब्जा करते हुए ताला लगा दिया गया. माकपा व सीटू का झंड़ा हटा कर तृणमूल का झंड़ा लगा दिया गया. उन्होंने कहा कि इसकी सूचना स्थानीय पुलिस अधिकारियों को दी गयी. पुलिस अधिकारियों ने पार्टी कार्यालय को तृणमूल के कब्जे से मुक्त करा कर उसकी चाबी माकपा नेता के हाथों में सौंपी. तृणमूल कांग्रेस का झंडा उतार कर वापस माकपा का झंडा लगाने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष यह आतंक चलता रहा है.
लेकिन विधानसभा चुनाव नजदीक देख इसमें काफी वृद्धि हो गयी है. डीएसपी प्लांट में सीटू को चुनाव में मिली सफलता एवं क्षेत्र में बढ़ते जनाधार को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस के नेता डर गये है. चुनाव में हार के भय से वह लोग क्षेत्र में आतंक फैला रहे हैं. माकपा समर्थकों को भी डराने धमकाने लगे है. मगर राज्य की जनता और क्षेत्र के लोग तृणमूल कांग्रेस के आतंक को समझ रहे है. आने वाले चुनाव में इसका जबाब मिल जायेगा.
इस मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. तृणमूल कांग्रेस नेता दीपंकर लाहा ने कहा कि माकपा कर्मियों की साजिश है. उनके समर्थक ही पार्टी कार्यालय में ताला बंद कर झूठा आरोप लगा कर तृणमूल कांग्रेस को बदनाम करने का कोशिश कर रहे हैं. चुनाव में इसका जबाब जनता देगी.
