आसनसोल : रेलपार इलाके के 11 एसआर राशन डीलरों ने मंगलवार को अतिरिक्त जिला शासक सुमित गुप्ता व राशनिंग ऑफिसर से मुलाकात की तथा पचास फीसदी कार्ड निर्गत होने के बाद भी थोक बिक्रेता से गेहूं उठायेंगे. उन्होंने कहा कि इसके पहले इसका उठाव संभव नहीं है.
शिष्टमंडल में शामिल शकील अनवर, मुहम्मद फैज, मुहम्मद नजीरूल, मुहम्मद नबाव, हसीना खातून, मुहम्मद सउर, सकीना खातून, ऐनुल हक, सईदा खातून व साहेब परवेज आदि शामिल थे.
उन्होंने अपनी समस्याओं से इन अधिकारियों को अवगत कराया. उनका कहना था कि थोक बिक्रेता उन पर सामग्री उठाने के लिए लगातार दबाब बना रहे हैं. लेकिन इधर राष्ट्रीय खाद्य अधिनियम के तहत वितरित होनेवाले कार्डो में भारी अनियमितता है. कार्डो की संख्या में काफी कटौती भी की गयी है तथा 25 फीसदी कार्ड का वितरण नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि गेहूं की गुणवत्ता काफी खराब है. उसका उपयोग करना संभव नहीं है.
इसके बाद भी कार्ड का वितरण नहीं हुआ है. एसआर डीलरों को न तो कार्ड दिया गया है और न रजिस्टर मिला है. इस स्थिति में वे सामग्री उठा कर वितरण नहीं कर पायेंगे. सिर्फ हंगामा होगा. उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें कम से कम 50 फीसदी कार्ड उपलब्ध नहीं होंगे, सामग्री का उठाव नहीं करेंगे. अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया.
