पानागढ़ : बीरभूम के बोलपुर के वाहिरीग्राम में गुटीय संघर्ष का मामला अभी थमा भी नहीं था कि जांच कर रही नानूर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के वनग्राम स्थित तृणमूल कर्मी के आवास में अवैध रूप से चल रहे बम बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के बाद तृणमूल कर्मी सरोज घोष के घर में छापामारी अभियान चलाकर घटनास्थल से भारी मात्रा में विस्फोटक व 80 ताजा बम बरामद किये गये.
घटना की जानकारी तत्काल बर्दवान जिले के दुर्गापुर बम स्क्वाड को दी गयी. सोमवार सुबह पहुंचे बम िनरोधी दल ने घटनास्थल से बमों व विस्फोटकों को बरामद कर उन्हें नदी किनारे ले जाकर नष्ट कर दिया. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद अभियुक्त तृणमूल कर्मी सरेाज घोष फरार है. उसकी तलाश चल रही है. ग्रामीणों ने बताया कि गुटीय संघर्ष के दौरान तृणमूल नेता काजल शेख के जुल्म के कारण सरोज गांव से पलायन कर गया है.
सरोज के रिश्तेदारों ने बताया कि सरोज के घर पर अवैध रूप से कब्जा कर काजल शेख के गुर्गे बम बनाने का काम कर रहे थे. हालांकि काजल शेख ने इस आरोप को बेबुनियाद बताया है. इस घटना में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.
