स्नान. 12 लाख श्रद्धालु गंगासागर पहुंचे
गंगासागर से विकास गुप्ता
गंगासागर में पुण्य स्नान के लिए देश के कोने-कोने से करीब 12 लाख श्रद्धालु गुरुवार की शाम तक गंगासागर मेले में पहुंच गये. तीर्थयात्रियों के आने-जाने का क्रम जारी है. शुक्रवार सुबह तक गंगासागर मेले में तीर्थयात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है.
राज्य के बिजली मंत्री मनीष गुप्ता ने सागर मेले में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने 14 जनवरी को ही गंगासागर में डुबकी लगायी. इनमें से कुछ लोग 15 जनवरी को भी पुण्य स्नान के लिए मेले में रुके हुए हैं, जबकि इनमें से एक से डेढ़ लाख लोग स्नान करने के बाद अपने घर के लिए रवाना भी हो चुके हैं. दक्षिण 24 परगना के जिला अधिकारी डॉ पीबी सलीम ने बताया कि गंगासागर में 14 जनवरी की सुबह से शाम चार बजे तक स्नान के बाद चार लोगों की मौत हो चुकी है.
मृतकों की पहचान गीता बाई (84) इंदौर, छाया बाई (55), खांडकर (नागपुर), सविता दूबे (60) रायपुर और माली सरकार (61) चेतला (कोलकाता) के रूप में हुई है. चिकित्सकों ने सभी की मौत का प्राथमिक कारण दिल का दौरा पड़ना बताया है. बीमार 2880 तीर्थयात्रियों को गंगासागर मेले में बनाये गये अस्थायी अस्पताल में भरती कराया गया है. इसमें से छह लोग सीसीयू में भरती हैं.
सभी के बेहतर इलाज करने की कोशिश की जा रही है. ज्यादा गहरे पानी में जाकर लोग न नहायें, इस पर भी नजर रखी जा रही है.
